फ्रंट पेज न्यूज़ शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से चल रही चर्चाओं और अंदरूनी मंथन के बाद आखिरकार पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनय कुमार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी संभालने से पहले उन्होंने विधानसभा उपाध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया, जिसे सरकार ने तुरंत स्वीकार भी कर लिया। हालांकि वे विधायक बने रहेंगे।
कांग्रेस संगठन में पिछले कई महीनों से बदलाव को लेकर चर्चा थी और कई नामों पर मंथन हुआ, लेकिन हाईकमान ने विनय कुमार की शांत, साफ-सुथरी और जमीनी छवि को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। कुछ दिन पहले उनकी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात ने संकेत दे दिया था कि संगठनात्मक फेरबदल निकट है।
विनय कुमार अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं और लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय, सरल और कर्मठ नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति को कांग्रेस हाईकमान का 2027 विधानसभा चुनावों से पहले एक रणनीतिक और दूरगामी कदम माना जा रहा है।




























