मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

विक्रमादित्य सिंह पहुंचे झनियार गांव, आगजनी से हुए भारी नुकसान का लिया जायज़ा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन — सड़क और वाटर टैंक निर्माण की घोषणा

फ्रंटपेज न्यूज़ बंजार

बंजार उपमंडल की नोहांडा पंचायत के झनियार गांव में सोमवार को हुई भीषण आगजनी की घटना में हुए भारी नुकसान का जायज़ा लेने के लिए लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंगलवार को स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना प्रकट की और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से झनियार गांव भेजा है ताकि राहत और पुनर्वास कार्यों का वास्तविक मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने बताया कि सरकार इस आपदा की घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और झनियार गांव को भी तांदी गांव की तर्ज पर सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में 16 मकान, दो मंदिर और चार गौशालाएं पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिए थे। प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत सामग्री, राशन और प्रारंभिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि झनियार एक ऐतिहासिक और पारंपरिक वास्तुकला वाला गांव था, जिसे संरक्षित रखना पूरे प्रदेश के लिए आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने घरों का बीमा करवाएं, ताकि किसी भी आपदा में नुकसान की भरपाई संभव हो सके। मंत्री ने ग्रामीणों को आगजनी से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया और कहा कि सूखी घास या ज्वलनशील सामग्री घरों के पास एकत्रित न करें।

सड़क सुविधा की कमी पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि झनियार गांव तक सड़क न होने के कारण राहत पहुंचाने में कठिनाई हुई, जिससे नुकसान अधिक हुआ। उन्होंने कहा कि यद्यपि यह क्षेत्र प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना–4 में जनसंख्या मानदंड के कारण शामिल नहीं हो पाया था, परंतु अब झनियार गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा।

मंत्री ने मौके पर ही वाटर टैंक निर्माण के निर्देश दिए ताकि भविष्य में आगजनी की घटनाओं पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने जिला प्रशासन को नुकसान का विस्तृत मूल्यांकन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा, “हम देव संस्कृति को मानने वाले लोग हैं। इस आगजनी में मंदिरों का जल जाना अत्यंत दुखद है। सरकार और प्रशासन मंदिरों के पुनर्निर्माण में भी सहयोग करेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि झनियार गांव में शीघ्र स्पेन (स्प्रिंग वाटर) सुविधा लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि पेयजल की समस्या दूर हो सके।

मंत्री ने राजा वीरभद्र फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए 3 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की और मौके पर ही राहत सामग्री वितरित की।

इस अवसर पर बंजार के विधायक सुरिंदर शौरी, एपीएमसी अध्यक्ष मियां राम सिंह, ग्राम पंचायत प्रधान अंकुश, एसडीएम बंजार पंकज शर्मा, तेजा ठाकुर, शेष राम आज़ाद, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page