फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू।
स्थानीय पुलिस ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की, जब विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना कुल्लू की टीम ने अप्पर बदाह स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। मकान की दूसरी मंज़िल पर किरायेदार का कमरा जांच के दौरान संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद नियमानुसार तलाशी प्रक्रिया शुरू की गई।
कमरे में मुख्य किरायेदार योग राज (28 वर्ष) निवासी खड़ाहन, हुरला के साथ दो अन्य युवक— सन्नी दयोल (22 वर्ष) निवासी परवाड़ी, तुंग और तुषार (24 वर्ष) निवासी शाड़ावाईं, भुन्तर मौजूद थे। तलाशी के दौरान कमरे से 23 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के पश्चात तीनों आरोपियों को मौके पर हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने जानकारी दी कि तीनों के विरुद्ध धारा 21 एवं 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के प्रारंभिक चरण में पुलिस को कुछ अहम जानकारी मिली है, जिसके आधार पर अब नशीले पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चैन और पूरे नेटवर्क की पहचान करने के लिए गहन जांच जारी है।
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे के दुष्चक्र से बचाया जा सके और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।















