फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
कलवारी में चयनित भूमि का एसडीएम बंजार ने किया निरीक्षण, वन अधिनियम के तहत प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश
शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बंजार उपमंडल में एक महत्वपूर्ण पहल तेज हो गई है। राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल की स्थापना के लिए कलवारी में चयनित भूमि का सोमवार को एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में शिक्षा उपनिदेशक कुल्लू, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान दल ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, भूमि उपलब्धता, सड़क संपर्क, निर्माण संभावनाओं तथा पर्यावरणीय पहलुओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। अधिकारियों ने स्कूल निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि को हर दृष्टि से परखा और आवश्यक तकनीकी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।
एसडीएम पंकज शर्मा ने निरीक्षण के उपरांत सभी अधिकारियों को वन संरक्षण अधिनियम के तहत भूमि हस्तांतरण की औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न किया जाए ताकि परियोजना पर कार्य समयबद्ध रूप से आरंभ हो सके। उन्होंने विभागीय समन्वय को और अधिक मजबूत करने तथा फाइलों व दस्तावेजों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर बल दिया।
अधिकारियों ने बताया कि राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण बंजार क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव साबित होगा। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों तथा लंबी दूरी के चलते जहां कई विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रहते हैं, वहीं इस स्कूल के बनने से दूर-दराज़ के बच्चों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ उत्तम शिक्षा प्राप्त होगी। स्कूल की शुरुआत से अभिभावकों को भी राहत मिलेगी, क्योंकि बच्चों के लिए सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो पाएगी।
सरकार शिक्षा ढांचे को मजबूत बनाने के लिए तेज़ी से काम कर रही है, और यह डे बोर्डिंग स्कूल इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण कदम है। अपेक्षा है कि इसके निर्माण से बंजार उपमंडल के शिक्षा स्तर में नई ऊर्जा आएगी और क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
















