मौसम क्रिकेट ईरान इस्राइल युद्ध मेले और त्यौहार स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश-विदेश राशिफल आध्यात्मिक

तीर्थन घाटी के काऊंचा गांव में सादगी और गर्व के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस, देशभक्ति के नारों से गूंज उठा इलाका

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार (परस राम भारती)
77वां गणतंत्र दिवस पूरे देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के दूरदराज़ और पहाड़ी इलाकों में भी पूरे हर्ष, उल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत नोहंडा के काऊंचा गांव में भी यह राष्ट्रीय पर्व सादगी, गरिमा और गहरी देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
विश्व धरोहर ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की तीर्थन रेंज के प्रवेश द्वार पर बसे इस छोटे लेकिन सुंदर गांव में कालीनाग महिला मंडल द्वारा एक सादा लेकिन भावनात्मक रूप से प्रभावशाली समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में तिन्दर युवक मंडल के प्रधान रोशन लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ रूप सिंह, चरण चौहान, पवन सूर्यवंशी, पुने राम और सतपाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
महिला मंडल की प्रधान दीपा देवी, सचिव भीमा देवी, उपप्रधान बिंद्रा देवी सहित मीना देवी, समयलता, रीना देवी, सीता देवी, चंद्रा देवी, नारा देवी, भगा देवी, जयवंती देवी, मंजू और शकुंतला देवी समेत अन्य महिलाओं ने सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। निर्धारित समय पर मुख्य अतिथि रोशन लाल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।
जैसे ही तिरंगा लहराया गया, पूरा गांव “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा। पूरा माहौल देशभक्ति और राष्ट्रीय गर्व से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रोशन लाल ने उपस्थित ग्रामीणों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें संविधान के मूल्यों का सम्मान करते हुए आपसी एकता, भाईचारे और सौहार्द को हमेशा बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की असली ताकत गांवों में बसने वाले सजग और जागरूक नागरिक हैं।
कार्यक्रम में देवता लक्ष्मी नारायण काऊंचा के कारदार गोपाल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे। दूरदराज़ पहाड़ी गांव में इस तरह सादगी लेकिन पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ गणतंत्र दिवस का आयोजन यह साबित करता है कि आज भी लोगों के दिलों में संविधान के प्रति गहरा सम्मान और देशभक्ति की भावना पूरी मजबूती से जीवित है।

You cannot copy content of this page