मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

तीर्थन घाटी में ‘कैंची मोड़’ बना जानलेवा, फिसलन भरी सड़क पर मंडरा रहा हादसे का खतरा

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
भूस्खलन से क्षतिग्रस्त बंजार–बठाहड़ सड़क पर जलभराव, जनप्रतिनिधियों के ज्ञापन पर एसडीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
तीर्थन घाटी (गुशेनी), बंजार | परस राम भारती
जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार अंतर्गत तीर्थन घाटी की बंजार–बठाहड़ सड़क पर स्थित कैंची मोड़ इन दिनों आम लोगों के लिए भारी परेशानी और खतरे का कारण बन गया है। हालिया भूस्खलन के बाद इस तीखे मोड़ पर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण रोजाना भय के साये में इस मार्ग का उपयोग करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कैंची मोड़ के पास सड़क पर पानी की समुचित निकासी व्यवस्था न होने से हालात और गंभीर हो गए हैं। लगातार बहते पानी के कारण सड़क पूरी तरह फिसलन भरे स्लिप ज़ोन में तब्दील हो चुकी है। स्थिति यह है कि कई बार भारी वाहन तक यहां चढ़ाई नहीं कर पा रहे, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

वह खतरनाक मोड़


ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क में पानी की निकासी के लिए पहले से बने कुछ कलवटों को खोलने में जानबूझकर रोड़ा अटकाया जा रहा है, जिसके चलते समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। लोगों का कहना है कि वे इस मुद्दे को कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष उठा चुके हैं। हाल ही में बठाहड़ में आयोजित प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के दौरान भी यह समस्या प्रमुखता से रखी गई थी, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस समाधान नजर नहीं आया। इससे क्षेत्रवासियों में रोष के साथ-साथ भय का माहौल भी बना हुआ है।


जनप्रतिनिधियों ने उठाई आवाज
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधान ग्राम पंचायत शिल्ली शेतू देवी एवं प्रधान ग्राम पंचायत तुंग घनश्याम ठाकुर ने समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से उपमंडल अधिकारी बंजार और लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़क की तत्काल मरम्मत, जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसी मार्ग से होकर गॉड वैली बस प्रतिदिन सुबह लगभग 9 बजे बठाहड़ से बंजार आती है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण उड़ती धूल और पानी के छींटों से स्कूली बच्चों के कपड़े पूरी तरह खराब हो जाते हैं, जिससे बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी भारी असुविधा झेलनी पड़ती है।
प्रशासन हरकत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) बंजार ने लोक निर्माण विभाग बंजार मंडल के अधिशासी अभियंता को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि सड़क को शीघ्र मरम्मत कर सुरक्षित बनाया जा सके और किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।


वहीं लोक निर्माण विभाग बंजार मंडल के अधिशासी अभियंता चमन ठाकुर ने बताया कि बठाहड़ सड़क के कैंची मोड़ पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि पानी निकासी के लिए आवश्यक पाइप उपलब्ध होते ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि जो लोग पुरानी कलवट खोलने में बाधा डाल रहे हैं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
तीर्थन घाटी जैसे पर्यटन और आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में सड़क की यह स्थिति न केवल स्थानीय लोगों, बल्कि पर्यटकों के लिए भी खतरे की घंटी है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि प्रशासन और विभागीय कार्रवाई कितनी तेजी से जमीन पर उतरती है।

You cannot copy content of this page