फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार
बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य सरकार का आचरण अब पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो चुका है। सत्ता की हताशा में कांग्रेस ने न केवल सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, बल्कि प्रदेश की संवेदनशील जनता की भावनाओं का भी घोर अपमान किया है।

सुरेंद्र शौरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के एक मंत्री द्वारा राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण के आदर्शों पर खड़ी संस्था पर की गई अभद्र टिप्पणी यह स्पष्ट दिखाती है कि सरकार अपने पतनशील राजनीतिक चरित्र को छिपाने के लिए जानबूझकर ऐसे बयान दे रही है। यह केवल बौखलाहट नहीं, बल्कि प्रदेश के उन लाखों स्वयंसेवकों का अपमान है जो निस्वार्थ भाव से देश और समाज के लिए कार्यरत हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवी कार्य सभी को विदित है। विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश सरकार में बरिष्ठ मंत्री द्वारा इस तरह की बेतुकी बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। मंत्री जगत सिंह नेगी पूर्व में भी इस तरह की बयानबाजी करने के लिए विधानसभा सत्र को माध्यम बनाते हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार व मंत्री तुरंत सार्वजनिक रूप से प्रदेश की जनता से माफी मांगे।
विधायक शौरी ने कहा कि लगातार असफलताओं, अधूरे वादों और विकास कार्यों की ठप स्थिति से घबराकर कांग्रेस सरकार जानबूझकर भटकाऊ और गैर–जिम्मेदार बयानबाज़ी कर रही है। कभी सुरक्षा बलों व राष्ट्र की एकता पर संदेह, कभी विपक्षी नेताओं पर अभद्र टिप्पणियाँ और अब सदन में सेवा–भाव से जुड़े संगठनों के खिलाफ अनर्गल प्रहार — यह सब कांग्रेस की दिशाहीन, कमजोर और हताश राजनीतिक सोच का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि यह सब केवल जनता का ध्यान हटाने की एक विफल कोशिश है, क्योंकि सरकार के पास न विकास का विज़न है, न जन–हित का इरादा।
सुरेंद्र शौरी ने स्पष्ट कहा कि विधानसभा किसी की कुंठा, व्यक्तिगत पीड़ा या राजनीतिक नौटंकी का मंच नहीं है।
प्रदेश की जनता सब समझ रही है और ऐसे गैर–जिम्मेदार, विभाजनकारी और अपमानजनक बयानों का जवाब समय आने पर अवश्य देगी।














