फ्रंट पेज न्यूज़ सुंदरनगर।
सुंदरनगर (मंडी) में मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र के माध्यम से आज “घर द्वार स्वास्थ्य कार्यक्रम” के तहत एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत न केवल केंद्र पर, बल्कि बुजुर्गों के घर-घर जाकर भी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और उपचार किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।
इस दौरान कुल 26 बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सक डॉ. जितेन्द्र कुमार ने सभी की ब्लड प्रेशर (बीपी) और ब्लड शुगर की जांच कर उन्हें जरूरी परामर्श दिया। उन्होंने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, रोजाना प्रातःकालीन सैर करने और नियमित योग को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह भी दी।
मानव सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन एवं संस्थापक एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल ने कहा कि ट्रस्ट सामुदायिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और भविष्य में भी इस तरह के घर-द्वार स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।
इस कार्यक्रम में केंद्र की प्रबंधक शिल्पा और स्टाफ नर्स दिव्या विशेष रूप से मौजूद रहीं। टीम ने भक्ति देवी, काशी देवी, विद्या देवी, नरेश देवी, बलजीत कुमार, शिवा देवी, सुखराम और मालती देवी सहित अन्य बुजुर्गों के घर जाकर स्वास्थ्य जांच की। स्थानीय निवासियों ने मानव सेवा ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में सामाजिक सेवा और जनकल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।














