मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

सुंदरनगर सिविल अस्पताल में चिकित्सा का नया अध्याय: जटिल सर्जरी से महिला को मिला नया जीवन

फ्रंट पेज न्यूज़ सुंदरनगर (मंडी)।
मंडी जिला के सुंदरनगर स्थित सिविल अस्पताल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अब सरकारी अस्पताल भी बड़े और जटिल ऑपरेशनों के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। हाल ही में यहां चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई, जब अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकुश गौतम और उनकी टीम ने एक महिला की अत्यंत जटिल स्वास्थ्य समस्या का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन दिया।
यह सर्जरी न केवल तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण थी, बल्कि इसमें टीमवर्क, अनुभव और सटीक निर्णयों की भी परीक्षा थी। इस ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. दिव्यकांत और डॉ. यशा की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही, जिनके कुशल प्रबंधन के बिना यह जटिल प्रक्रिया संभव नहीं थी।


ऑपरेशन थिएटर में तैनात अनुभवी स्टाफ — नर्स संगीता, आशा, बिंदिया तथा ओटीए जीवन, प्रकाश, गोपाल और चिंता — ने पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ इस सर्जरी को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। कई घंटों तक चली इस जटिल प्रक्रिया के बाद जब मरीज को सुरक्षित बाहर लाया गया, तो अस्पताल परिसर में राहत और खुशी का माहौल था।
इस सफलता के पीछे अस्पताल के एसएमओ डॉ. चमन सिंह ठाकुर का कुशल प्रशासनिक नेतृत्व भी एक मजबूत आधार साबित हुआ है। उनके मार्गदर्शन में सिविल अस्पताल सुंदरनगर में लगातार सुविधाओं का विस्तार और चिकित्सा सेवाओं का उन्नयन किया जा रहा है। उन्हीं के प्रयासों का परिणाम है कि अब यह अस्पताल जटिल से जटिल ऑपरेशनों को करने में सक्षम बन चुका है।
इस सर्जरी के बाद सबसे बड़ा लाभ क्षेत्र की आम जनता, खासकर महिलाओं को मिलने वाला है। अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए उन्हें शिमला, चंडीगढ़ या बड़े निजी अस्पतालों के महंगे चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सरकारी अस्पताल में ही निशुल्क और आधुनिक उपचार उपलब्ध होने से लोगों को न सिर्फ आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि समय पर इलाज भी सुनिश्चित हो सकेगा।
कहना गलत नहीं होगा कि यह उपलब्धि सुंदरनगर और आसपास के क्षेत्रों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे न केवल अस्पताल की साख बढ़ी है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जनता का भरोसा भी और मजबूत हुआ है।

You cannot copy content of this page