फ्रंट पेज न्यूज़ सुंदरनगर (मंडी)। शुक्रवार का दिन सुंदरनगर के लिए सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक संदेश का उत्सव बन गया, जब “से नो टू ड्रग्स” की सोच के साथ आयोजित सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग में खेल, संगीत और जन-जागरूकता एक ही मंच पर नजर आए। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में फाइनल मुकाबले ने रोमांच की सारी सीमाएं तोड़ दीं, जहां प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी की अगुवाई वाली हिमाचल सेलिब्रिटी टीम ने फीट ऑफ फायर फाउंडेशन की टीम को 39 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। मैच के हीरो सुमेश शर्मा रहे, जिन्होंने मात्र 33 गेंदों में 69 रनों की तूफानी पारी खेलकर मुकाबले की दिशा ही बदल दी, जबकि कप्तान हंसराज रघुवंशी ने गेंदबाजी में तीन अहम विकेट लेकर विरोधी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। हिमाचल टीम की ओर से अजय भारद्वाज ने 27 और इंद्र ठाकुर ने 10 रन जोड़े, जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमित भाटिया के नेतृत्व वाली फीट ऑफ फायर टीम ताहिर के 33 और विजय सोनी के 22 रनों के बावजूद 108 रन पर ही सिमट गई। महिला वर्ग में भी सुंदरनगर की टीम ने शिमला हिल्स को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित करते हुए कहा कि सेलिब्रिटी और इनफ्लुएंसर के जरिए नशामुक्ति का संदेश समाज तक पहुंचाना एक बेहद प्रभावशाली पहल है, और उन्होंने इस सोच के लिए फीट ऑफ फायर फाउंडेशन के एमडी अमित भाटिया की सराहना की। इस मौके पर बब्बू पंसारी, एच.एस. राणा, गिरिश समरा, राकु वालिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे, और पूरा आयोजन यह संदेश दे गया कि जब खेल जुनून बने और मकसद समाज हो, तो उसका असर लंबे समय तक याद रखा जाता है।
“से नो टू ड्रग्स” की गूंज के साथ सुंदरनगर में सजा सेलिब्रिटी क्रिकेट का रंगमंच, हंसराज रघुवंशी की टीम बनी चैंपियन














