फ्रंट पेज न्यूज़ सुंदरनगर (मंडी)
मंडी जिला की उपमंडल स्तरीय बार एसोसिएशन सुंदरनगर के चुनाव बुधवार को न्यायालय परिसर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। इन चुनावों के माध्यम से बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
चुनाव प्रक्रिया एडवोकेट राजेश तिवारी (चेयरमैन), गीता राम ठाकुर, रतन लाल वर्मा और कीर्ति ठाकुर बतौर चुनाव अधिकारी की निगरानी में संपन्न हुई। चुनाव कमेटी के सदस्य गीता राम ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव पूरी तरह विधिवत और पारदर्शी तरीके से कराए गए।
चुनाव परिणामों के अनुसार:
प्रधान पद के लिए नरेंद्र सिंह चंदेल
उपप्रधान पद के लिए अमर चंद ठाकुर
सह-सचिव पद के लिए सूरज चंदेल
तीनों पदाधिकारियों को निर्विरोध चुना गया।
गीता राम ठाकुर ने बताया कि चुनाव के उपरांत नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है और प्रधान द्वारा आपसी विचार-विमर्श के बाद महासचिव, कैशियर और लाइब्रेरियन के पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएंगी।
नवनियुक्त प्रधान नरेंद्र सिंह चंदेल ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य सुंदरनगर न्यायालय में लंबे समय से बंद पड़े न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी कोर्ट नंबर-2 की शीघ्र बहाली करवाना रहेगा, ताकि न्यायिक कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन के सभी सदस्यों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
वहीं नवनियुक्त उपप्रधान अमर चंद ठाकुर ने कहा कि बार एसोसिएशन में लंबित पड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करवाया जाएगा और अधिवक्ताओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
चुनाव संपन्न होने के बाद अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया और नवगठित कार्यकारिणी को सभी सदस्यों ने शुभकामनाएं दीं।
सुंदरनगर बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित, नरेंद्र सिंह चंदेल बने प्रधान और अमर चंद ठाकुर उपप्रधान














