फ्रंट पेज न्यूज़ सिरमौर।
सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती के साथ लगातार जारी है। इसी कड़ी में पांवटा साहिब उपमंडल की स्पैशल डिटेक्शन सेल की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए चिट्टे के साथ एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नशे के सौदागरों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पैशल डिटेक्शन सेल की टीम बातापुल चौक के समीप गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि साबर अली पुत्र दीन मोहम्मद, निवासी गांव भगवानपुर, तहसील पांवटा साहिब, के पास नशीला पदार्थ मौजूद हो सकता है। सूचना की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तुरंत मौके पर कार्रवाई की और संदिग्ध को काबू में लिया।
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एसपी नेगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।
सिरमौर में नशा तस्करों पर पुलिस का करारा वार: पांवटा साहिब में चिट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार, 4.79 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद













