मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्त निगरानी—उपायुक्त अपूर्व देवगन ने दिए सख्त निर्देश

फ्रंट पेज न्यूज़ मंडी।
पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उन्मूलन को लेकर मंडी जिले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर निगरानी बढ़ाने, चालान अभियान तेज करने और एनजीटी के निर्देशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने सभी एसडीएम और बीडीओ को निर्देश दिए कि प्लास्टिक पर प्रतिबंध को किसी भी कीमत पर कमजोर न पड़ने दिया जाए और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में एकत्रित प्लास्टिक से सड़क निर्माण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी बीडीओ, शहरी निकाय और लोक निर्माण विभाग आपसी समन्वय मजबूत कर प्लास्टिक वेस्ट के वैज्ञानिक उपयोग को गति दें, ताकि जिले में प्लास्टिक कचरे का सही और सार्थक उपयोग हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब प्लास्टिक कचरे को केवल जमा करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उसे बिटुमेन के साथ सड़क निर्माण में नियमित रूप से उपयोग में लाया जाए।

मंडी शहर के स्कोडी खड्ड में खुले ग्रे वाटर के बहाव पर उपायुक्त ने गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने नगर निगम मंडी और जल शक्ति विभाग को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। देवगन ने स्पष्ट कहा कि जिन घरों में अभी तक सीवरेज कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें तत्काल जोड़ा जाए। इसके साथ ही सभी लीक पाइंटों की मरम्मत, नालों की नियमित सफाई और विशेष स्वच्छता अभियान की आवश्यकता पर जोर दिया गया। रिवालसर क्षेत्र में भी सभी घरों को सिवरेज नेटवर्क से जोड़ने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने नगर निगम मंडी को सैनेटरी वेस्ट को अलग से एकत्रित करने की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी जारी किए। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों के प्रति उत्तरदायी बनने और कार्यों में ढिलाई न बरतने की चेतावनी दी।

बैठक का संचालन क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड विनय कुमार ने किया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, नगर निगम कमिश्नर रोहित राठौर, एसडीएम मंडी सदर रूपिन्द्र कौर, जिला विकास अधिकारी गोपी चंद पाठक, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, आरटीओ नवीन कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी रजनीश शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता देवराज चौहान, लोक निर्माण विभाग के डी. के. वर्मा समेत विभिन्न विभागों और नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के अन्य एसडीएम और बीडीओ ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

You cannot copy content of this page