फ्रंट पेज न्यूज़ शिमला।
24 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक शहर रहेगा हाई-अलर्ट मोड में
विंटर कार्निवाल शिमला-2025, क्रिसमस और नववर्ष की पूर्व संध्या के दौरान राजधानी शिमला में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था के लिए विशेष सुरक्षा व ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। यह प्लान 24 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। जिला दण्डाधिकारी अनुपम कश्यप ने मंगलवार को संबंधित कार्यालय आदेश जारी करते हुए इसकी जानकारी दी।

जिला प्रशासन ने शहर को पांच सेक्टरों में विभाजित किया है, ताकि भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारू रखा जा सके। पूरे प्लान का ओवरऑल चार्ज एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज शर्मा के पास रहेगा। प्रत्येक सेक्टर में एक प्रशासनिक अधिकारी को इंचार्ज नियुक्त किया गया है, जिनके साथ पुलिस की टीमें पहले से तैनात रहेंगी।
पर्यटकों की सुरक्षा और ट्रैफिक पर विशेष फोकस
जिला दण्डाधिकारी ने बताया कि पर्व-सीजन में शिमला में भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता पर्यटकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करना है। एंट्री प्वाइंट्स पर एम्बुलेंस की तैनाती रहेगी। आमजन और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित गति का पालन करें, ओवरटेकिंग से बचें और शराब पीकर वाहन न चलाएं।
इन सेक्टरों में ये अधिकारी रहेंगे तैनात
सेक्टर-I (वन क्षेत्र):
शोघी व आसपास का इलाका
इंचार्ज: नायब तहसीलदार शिमला शहरी भीष्म सिंह कंवर
सेक्टर-II (शहर का प्रमुख पर्यटन केंद्र):
मॉल रोड, रिज मैदान, स्कैंडल पॉइंट, चर्च, लक्कड़ बाजार, रीगल सिनेमा, लिफ्ट, सीटीओ, ऑकलैंड, आईजीएमसी, रेडिसन होटल, झांसी पार्क, शेर-ए-पंजाब, लोअर बाजार
इंचार्ज: एसडीएम शहरी ओशिन शर्मा
सहयोग: तहसीलदार शहरी नारायण सिंह वर्मा
सेक्टर-III:
पुलिस स्टेशन ईस्ट व न्यू शिमला क्षेत्र
इंचार्ज: तहसीलदार शिमला ग्रामीण संजीव गुप्ता
सेक्टर-IV (आसपास के पर्यटन स्थल):
फन वर्ल्ड, गलू, लम्बीधार, फागू, संजौली, ढली, कुफरी, मशोबरा, छराबड़ा, चीनी बंगला व आसपास
इंचार्ज: एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा
सेक्टर-V (ट्रैफिक व प्रवेश बिंदु):
सभी ट्रैफिक पॉइंट्स, 103 टनल, आईएसबीटी टूटीकंडी, ओल्ड बैरियर, चक्कर आदि
इंचार्ज: नायब तहसीलदार शिमला ग्रामीण चांद राम
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि पर्व-सीजन के दौरान शिमला में सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार अनुभव सुनिश्चित किया जा सके।




























