मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

शीतकालीन अवकाश के बाद एसडीएम आनी ने किया स्कूलों का दौरा, विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद

फ्रंट पेज न्यूज़ आनी( राज शर्मा)।

शीतकालीन अवकाश के उपरांत आज उपमंडलाधिकारी (SDM) आनी, लक्ष्मण सिंह कनेट का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, खुन्न (GSSS Khun) में आगमन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उन्हें जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
माननीय एसडीएम महोदय ने विद्यार्थियों से करियर काउंसलिंग, नशा निवारण, मोबाइल फोन के दुष्परिणाम, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने युवाओं को अनुशासित जीवन अपनाने, लक्ष्य निर्धारण करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि माननीय एसडीएम द्वारा “अपना विद्यालय” अभियान के अंतर्गत GSSS खुन्न को गोद लिया गया है। इस पहल से विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण एवं सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिल रही है।
कार्यक्रम में युवा आइकॉन प्रीति ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वे देव एवं पहाड़ी संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने, लोक परंपराओं को अपनाने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर माननीय एसडीएम महोदय द्वारा तिथि भोज कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों को मध्यान भोजन भी कराया गया।
विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य प्रकाश चंद शर्मा एवं विद्यालय परिवार ने माननीय एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट तथा युवा आइकॉन प्रीति ठाकुर की उपस्थिति को अत्यंत प्रेरणादायी, मार्गदर्शक एवं बहुमूल्य बताया।

You cannot copy content of this page