फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर “सहभागिता” का पाँचवाँ दिवस सोमवार, 29 दिसंबर 2025 को सेवा, साधना, सामाजिक सरोकार और जीवन कौशल से जुड़ी गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। यह दिन स्वयंसेवियों के लिए अनुशासन, आत्मचिंतन और समाज सेवा का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।
प्रातः ध्यान से प्रभात फेरी तक
पाँचवे दिन का शुभारम्भ प्रातः 4:30 बजे आनापान ध्यान सत्र से हुआ। इसके उपरांत स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय परिसर से बंजार के नये बस स्टैंड होते हुए शेगलू बाजार स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर तक प्रभात फेरी निकाली। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन से आध्यात्मिक वातावरण बना। मंदिर के पुजारी नवीन शर्मा ने सभी स्वयंसेवियों को जलपान करवाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
राजयोग, जीवन दर्शन और परेड अभ्यास
नाश्ते के उपरांत प्रातः 9 से 10 बजे तक ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र बंजार की बहिनें निमू, पुष्पलता एवं प्रियंका द्वारा सहज राजयोग सत्र आयोजित किया गया।
बहिन प्रियंका ने मानव जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला
बहिन पुष्पलता ने सहज राजयोग का अभ्यास करवाया
बहिन निमू ने ब्रह्माकुमारी गीतों पर आधारित व्यायाम एवं नृत्य के माध्यम से ऊर्जा का संचार किया
इसके पश्चात स्वयंसेवियों ने परेड अभ्यास में भाग लेकर अनुशासन और सामूहिकता का परिचय दिया।

सेवा और चरित्र निर्माण पर प्रभावशाली संवाद
अकादमिक सत्र में आज के मुख्य अतिथि चंद्र वल्लभ नेगी, पूर्व अध्यक्ष पंचायत समिति बंजार एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवी उष्मा ने किया। स्वागत भाषण स्वयंसेवी उमा भारती तथा आभार भाषण नेहा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवी सीमा व पल्लवी ने लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।
मुख्य वक्ता नेगी ने “सेवा एवं चरित्र निर्माण” विषय पर युवाओं को समाज सेवा, नैतिक मूल्यों और नशामुक्त जीवन की राह अपनाने का संदेश दिया। स्वयंसेवियों की सक्रियता से प्रभावित होकर उन्होंने जलपान हेतु अपनी ओर से 1000 रुपये की राशि भी भेंट की।
जीवन कौशल, स्वच्छता और सामाजिक दायित्व
इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में जीवन कौशल से जुड़ी रोचक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें एकाग्रता, चपलता और सामूहिक सहभागिता आधारित खेल शामिल रहे।
दोपहर बाद स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय से बंजार बाजार की ओर जाने वाली पगडंडी मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाया, प्लास्टिक कचरा एकत्र कर कूड़ेदान में डाला तथा मार्ग में स्थित देव स्थल की भी सफाई की।
आपदा प्रबंधन पर ऑनलाइन व्याख्यान
दिन के अंतिम सत्र में आयोजित ऑनलाइन व्याख्यान में मुख्य अतिथि प्रो. राजीव ठाकुर, सहायक आचार्य (भूगोल), ठाकुर जगदेव चंद स्मारक राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर टीहरा, जिला हमीरपुर ने “आपदा प्रबंधन” विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में हाल की प्राकृतिक आपदाओं के संदर्भ में आपदा के प्रकार, कारण और बचाव उपायों पर प्रकाश डालते हुए सजग रहने का आह्वान किया।
प्रेरणा, व्यवहार और सृजन का संगम
इस प्रकार विशेष आवासीय शिविर “सहभागिता” का पाँचवाँ दिवस साधना, सेवा, स्वच्छता और सामाजिक चेतना के संगम के रूप में अत्यंत सफल, प्रेरणादायक और व्यवहारिक गतिविधियों के साथ सम्पन्न हुआ।












