फ्रंट पेज न्यूज़ जिभी (कुल्लू):
जिभी मंडल की तीन पंचायतों के हिंदू समाज की संयुक्त भागीदारी से आयोजन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पुष्पभद्रा आयोजन समिति द्वारा जिभी मंडल की तीन पंचायतों के हिंदू समाज के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के हिंदू समाज ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर अपनी एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रधर्म के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश दिया।
सम्मेलन का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गान के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में JVTDA के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त कैप्टन किशन चौहान उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में निहाल ठाकुर एवं श्रीमती सुशीला बौद्ध ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मंडी विभाग के कार्यवाह मोहन लाल ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

मुख्य वक्ता मोहन लाल ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 1925 में मात्र 10 स्वयंसेवकों से प्रारंभ हुआ संघ आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संघ की दैनिक शाखाएँ देश के लगभग 83 हजार स्थानों पर संचालित हो रही हैं तथा विश्व के लगभग 50 देशों में संघ की गतिविधियाँ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभाव को सुदृढ़ कर रही हैं।
मुख्य अतिथि किशन चौहान एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधनों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा हिंदू समाज की एकता पर बल देते हुए कहा कि संगठित समाज ही राष्ट्र एवं धर्म-विरोधी शक्तियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रकाश ने अध्यक्षीय संबोधन में सम्मेलन में पधारे सभी हिंदू भाई-बहनों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने शिक्षित, स्वस्थ, विकसित एवं संस्कारित समाज के निर्माण का आह्वान करते हुए प्रत्येक घर में पूजा स्थल, गौ-माता की सेवा तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान नैना माता स्वयं सहायता समूह, मिहार तथा महिला मंडल भलाग्राम द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। दो बहनों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों एवं भजनों से वातावरण पूर्णतः धार्मिक और राष्ट्रमय हो गया। आयोजन समिति द्वारा महिला मंडलों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेत राम ने मंचासीन अतिथियों, अधिकारियों, मातृशक्ति, युवाओं एवं बुजुर्गों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों में सक्रिय सहभागिता की अपील की। सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान एवं पूर्णता मंत्र के साथ हुआ।
इस अवसर पर आयोजन समिति के उपाध्यक्ष वीर सिंह, सुरेंद्र चौहान, महासचिव जगदीश ठाकुर, सचिव विजय व पदम सिंह, कोषाध्यक्ष लाल सिंह, सदस्य श्री वेद राम, श्री विजय सिंह, बालक राम, आरएसएस जिला प्रचारक जितेंद्र, शारीरिक प्रमुख श्री राम लाल, पंचायत प्रधान तांदी परस राम, उपप्रधान घनश्याम, खडागाड़ के उपप्रधान मोहन लाल, पूर्व प्रधान जय सिंह, महिला मंडलों, युवक मंडलों के पदाधिकारी, टैक्सी यूनियन प्रधान खेम राज सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।















