हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश-विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक राजनीति स्वास्थ्य मेले और त्यौहार

रोहड़ू में राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का भव्य अनावरण

Follow Us:

फ्रंट पेज न्यूज़। रोहड़ू


विक्रमादित्य सिंह और प्रतिभा सिंह ने संयुक्त रूप से किया अनावरण, विकास को समर्पित रहा पूरा समारोह

हिमाचल प्रदेश के आधुनिक निर्माता और जननायक रहे राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण रविवार को रोहड़ू के पुराने बस अड्डा परिसर में बड़े ही गरिमामय माहौल में किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने की। क्षेत्रवासियों की भारी उपस्थिति ने इस ऐतिहासिक क्षण को और भी विशेष बना दिया।

“राजा साहब ने रोहड़ू और पूरे प्रदेश में विकास की गाथा लिखी” — विक्रमादित्य सिंह

भीड़ को संबोधित करते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह ऐसी शख्सियत थे जिनकी बदौलत प्रदेश में सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्थानों के विकास की नई राहें खुलीं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी राजा साहब ने कभी विकास कार्यों में बाधा नहीं आने दी, जिसे विपक्षी दल भी स्वीकार करते हैं।

उन्होंने कहा, “आज हमें संकल्प लेना चाहिए कि राजा साहब के दिखाए रास्ते पर चलकर प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। क्षेत्र के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह हर हाल में पूरा किया जाएगा।”

रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में 22 सड़कों को मिली 64 करोड़ की मंजूरी

लोक निर्माण मंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चरण-4) के तहत रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में 22 सड़कों के लिए 64 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग के माध्यम से क्षेत्र में लगभग 250 से 300 करोड़ रुपये तक के प्रोजेक्ट प्रगति पर हैं।

उन्होंने कहा कि रोहड़ू–चिड़गांव सड़क के लिए 19 करोड़ मंजूर किए जा चुके हैं और कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। डोडरा–क्वार सड़क के रुके बजट को भी अब पुनः सुचारू कर दिया गया है। इसके अलावा 150 की आबादी वाले प्रत्येक गांव के लिए सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी, बशर्ते लोग भूमि का गिफ्ट डीड उपलब्ध कराएं।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय पर काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों को दोबारा काम न दिया जाए और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

“राजा वीरभद्र सिंह के रास्ते पर चलना ही प्रदेश के विकास का मार्ग” — प्रतिभा सिंह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि राजा साहब का केवल रोहड़ू ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश पर विशेष स्नेह था। उन्होंने कहा कि राजा साहब की सोच हमेशा सर्वांगीण विकास की रही और उन्होंने रोहड़ू क्षेत्र के लिए 5 बार विधायक के रूप में सेवाएं दीं।

उन्होंने कहा, “हम सभी को राजा साहब के मार्ग पर चलकर प्रदेश की उन्नति को सुनिश्चित करना है। आज का कार्यक्रम उनके समर्पण को याद करने का अवसर है।”

11.19 करोड़ से बने सन्दौर पुल का लोकार्पण

इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने 11 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से बने सन्दौर पुल का लोकार्पण भी किया। पुल निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को यातायात में स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने इस सौगात के लिए मंत्री का आभार जताया।

स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र में हुए बड़े विकास कार्य राजा वीरभद्र सिंह की दृष्टि और मार्गदर्शन का परिणाम हैं।

डॉक्यूमेंट्री और गीत का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान राजा वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई। साथ ही उन पर आधारित एक गीत का भी विमोचन किया गया। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने डॉक्यूमेंट्री और गीत के निर्माणकर्ताओं को मंच पर सम्मानित किया।

इस अवसर पर हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, नगर परिषद अध्यक्ष अशोक चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष कर्तार सिंह कुल्ला, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रमोत्रा, कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल के पदाधिकारी, जिला परिषद एवं पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर (X) पर शेयर करने के लिए निम्नलिखित बटन पर क्लिक करें।

और पढ़ें

निस्वार्थ सेवा की त्रिवेणी से बदला बंजार का सामाजिक परिदृश्य

नागरिक अस्पताल बंजार से चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति पर भड़के विधायक सुरेंद्र शौरी, अस्पताल परिसर के बाहर दिया धरना

केंद्रीय बजट 2026–27: हिमालय की ज़रूरतें हाशिये पर, कॉरपोरेट प्राथमिकताओं को बढ़ावा—हिमालय नीति अभियान

वैश्विक आर्थिक शक्ति का पुनर्संतुलन: क्या भारत नई धुरी बन रहा है?

फायर एनओसी के नाम पर कारोबार नहीं रुकेगा: होम-स्टे को अस्थायी नवीनीकरण देने के निर्देश, मुख्यमंत्री सुक्खू ने लॉन्च किया ऑनलाइन पोर्टल

16वें वित्त आयोग की सिफारिशें हिमाचल पर सालाना 10 हजार करोड़ का वार, भाजपा सांसद मूकदर्शक बने: मुकेश अग्निहोत्री

You cannot copy content of this page