फ्रंट पेज न्यूज़ आनी (राज शर्मा)
राजकीय महाविद्यालय आनी में आज रोड सेफ्टी क्लब द्वारा वर्ष भर आयोजित गतिविधियों का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों और विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर रहे, जिन्होंने अपने संबोधन में छात्रों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का आधार है।
रोड सेफ्टी क्लब के समन्वयक प्रोफेसर अशोक भारद्वाज ने वर्ष भर की गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि क्लब ने छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और रैली जैसे कई प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों में न केवल रचनात्मकता विकसित हुई बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी मजबूत हुआ।

इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में रानिका ने प्रथम, अरुण ने द्वितीय और कशिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में हितिशा प्रथम, रानिका द्वितीय और शिवानी तृतीय स्थान पर रही। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में वर्षा शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि तनिक दूसरे और रानिका तीसरे स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की जिम्मेदारी प्रोफेसर पुष्पा गुलेरिया और प्रोफेसर सीमा ने निभाई, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर विजय कुमार, प्रोफेसर पंपी, रोड सेफ्टी क्लब की उपाध्यक्ष करुणा शर्मा, मनोज, सलीम, तानिका सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में छात्रों का उत्साह और भागीदारी देखने लायक रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि युवा पीढ़ी सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय को लेकर सजग हो रही है। यह कार्यक्रम न केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित रहा, बल्कि एक जागरूक समाज की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में भी सामने आया।














