फ्रंट पेज न्यूज़ (शर्मा सी आर)आनी।
पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी को सीबीएसई मान्यता मिलने के बाद क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास बढ़ता नजर आ रहा है। इसका सीधा असर विद्यालय में नामांकन पर देखने को मिला है, जहां विद्यार्थियों की संख्या 800 के आंकड़े को पार कर गई है।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार, सीबीएसई मान्यता के बाद 300 से अधिक विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों को छोड़कर पीएम श्री आनी में प्रवेश लिया है। विशेष रूप से कक्षा पहली से नौवीं तक नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रवेश समन्वयक एवं प्रवक्ता कुंदन शर्मा ने बताया कि लगातार अभिभावकों का रुझान सरकारी विद्यालय की ओर बढ़ रहा है, जो शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने जानकारी दी कि कक्षा दसवीं, जमा एक और जमा दो में 10 अप्रैल तक बिना लेट फीस के प्रवेश लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल से विद्यालय में नियमित कक्षाएं आरंभ होंगी। इस वर्ष भी पूर्व निर्धारित वर्दी ही लागू रहेगी, जबकि कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी।

प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि कक्षा जमा एक में अभी सीटें रिक्त हैं, इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष खेम चंद ठाकुर ने सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ते विश्वास का स्वागत करते हुए सरकार से निर्धारित सेक्शन के अनुसार स्टाफ उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने अभिभावकों से भी सहयोग बनाए रखने की अपील की।

यह बढ़ता नामांकन न केवल विद्यालय की गुणवत्ता को दर्शाता है, बल्कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था में लोगों के बढ़ते भरोसे की भी पुष्टि करता है।

















