कुल्लू। मंगलवार सुबह—भुंतर शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब करीब सुबह 10 बजे के आसपास एक महिला ने अपने मासूम बच्चे के साथ पुराने पुल से व्यास नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने अचानक यह कदम उठाया और देखते ही देखते दोनों नदी की उफनती लहरों में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही भुंतर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान शुरू कर दिया। पुलिस टीम स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला व बच्चे की खोज कर रही है।
फिलहाल महिला और बच्चे की पहचान की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह भुंतर शहर या उसके आसपास की रहने वाली हो सकती है। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यास नदी इन दिनों बारिश के कारण उफान पर है, ऐसे में तलाश अभियान पुलिस व गोताखोरों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और अफसोस का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।




























