फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार ।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार द्वारा 25 दिसम्बर से संचालित सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर “सहभागिता” का सातवां एवं अंतिम दिवस आज अत्यंत गरिमा, उत्साह और सद्भावना के साथ सम्पन्न हुआ। शिविर के विधिवत समापन हेतु स्वयंसेवियों द्वारा बीती रात एवं प्रातः विशेष तैयारियाँ की गईं।

प्रातः नाश्ते के उपरांत ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केन्द्र बंजार की बहिन निमू दीदी द्वारा सहज राजयोग शिविर के सातवें एवं अंतिम दिवस पर बाबा की मुरली सुनाई गई तथा सभी को सहज राजयोग का अभ्यास करवाया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवियों ने समापन समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती विद्या नेगी रहीं। महाविद्यालय आगमन पर प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार सिंह एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी द्वारा खतक पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा सामूहिक राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना गीत का गायन किया गया।

समारोह की विधिवत शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से की गई। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को राष्ट्रीय सेवा योजना की टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया, जबकि कार्यक्रम अधिकारी द्वारा प्राचार्य को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवी सनेहा ने किया। स्वयंसेवी योगराज द्वारा अभिनन्दन भाषण तथा उष्मा नेगी द्वारा आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्वयंसेवी ललिता एवं मिनाक्षी द्वारा लोकनृत्य तथा शिल्पा द्वारा देशभक्ति गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई।
इसके पश्चात कार्यक्रम अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया गया तथा विगत सात दिनों की शिविर गतिविधियों पर आधारित पीपीटी एवं वीडियो के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। स्वयंसेवी तनु वर्मा ने सात दिवसीय शिविर का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं माता-पिता एवं बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता पर आधारित नाटिका “जैसी करनी वैसी भरनी” का प्रभावशाली मंचन किया गया।

अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार सिंह ने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। ब्रह्मा कुमारी निमू दीदी ने नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए सभी के मंगल की कामना की। इस अवसर पर उत्तर क्षेत्रीय पूर्व गणतंत्र दिवस चयन शिविर में भाग ले चुकी स्वयंसेवी कविता ने अपने अनुभव साझा किए।
मुख्य अतिथि श्रीमती विद्या नेगी द्वारा सभी स्वयंसेवकों एवं उनके अभिभावकों को स्मृति चिन्ह, माई भारत डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में सभी स्वयंसेवियों को शिविर की सफल पूर्णता पर बधाई देते हुए लिंग आधारित भेदभाव जैसे सामाजिक विषयों पर संवाद किया तथा सात दिनों में अर्जित सीख को समाज तक पहुँचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयंसेवियों के लिए ₹10,000 की आर्थिक सहायता की घोषणा की, जिसे उसी समय कार्यक्रम अधिकारी को हस्तांतरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मंगल मैत्री एवं राष्ट्रगान के साथ शिविर का औपचारिक समापन किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने स्वयंसेवियों के साथ सामूहिक भोजन किया।
उल्लेखनीय है कि समापन अवसर पर स्वयंसेवियों ने ब्रह्मा कुमारी बहिनों के नेतृत्व में बिना प्याज-लहसुन का पूर्ण सात्विक भोजन तैयार किया, जिसे परमपिता शिव बाबा को भोग अर्पित करने के पश्चात अतिथियों को श्रद्धा एवं शुभ भावना से परोसा गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवियों के साथ सामूहिक नाटी में भी सहभागिता की।
समारोह में बाल विकास परियोजना अधिकारी बंजार चम्पा शर्मा, नगर परिषद बंजार की महिला पार्षद, विभिन्न पंचायती राज संस्थाओं की महिला जनप्रतिनिधि, बाल विकास परियोजना क्षेत्र के पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयंसेवियों के अभिभावक एवं विभिन्न संस्थाओं की महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
इस प्रकार सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर “सहभागिता” का समापन दिवस प्रेरणा, सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक समरसता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




























