फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू / पतलीकुहल।
पतलीकुहल थाना क्षेत्र के अंतर्गत 16 मील पनगां इलाके में आपसी विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। मामू-भांजे के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली इस घटना में भांजे ने अपने ही मामा को सड़क से नीचे नदी में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे पुलिस थाना पतलीकुहल की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम पंचायत पनगां के प्रधान द्वारा सूचना दी गई कि 16 मील क्षेत्र में दो व्यक्तियों के बीच झगड़ा हो रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
मौके पर मौजूद प्रशांत शाही, निवासी जिला जाजरकोट, नेपाल (वर्तमान पता: 16 मील पनगां) ने पुलिस को बताया कि उसने सड़क से तेज आवाजें सुनीं। बाहर निकलकर देखा तो पाया कि ललित उर्फ लल्लन (22 वर्ष) अपने ही मामा बीर बहादुर सिंह (36 वर्ष) के साथ हाथापाई कर रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर ललित ने बीर बहादुर को सड़क किनारे से नीचे नदी की ओर धक्का दे दिया।
धक्का लगते ही बीर बहादुर क्रेट वॉल से नीचे नदी में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी ललित उर्फ लल्लन को मौके पर ही काबू कर लिया गया। मृतक के शव को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
इस मामले में आज दिनांक 10 जनवरी 2026 को पुलिस थाना पतलीकुहल में धारा 103 बीएनएस के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी।














