फ्रंट पेज न्यूज कुल्लू।
कुल्लू ज़िले के मणिकर्ण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छलाल गांव में पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत एक बेहद महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम की नज़र एक नेपाली युवक पर पड़ी, जो संदिग्ध हालात में घूम रहा था। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 8 किलो 410 ग्राम चरस बरामद हुई।
पकड़े गए युवक की पहचान हिमाल मगर, पुत्र रामधन मगर, निवासी नेपाल के रूप में हुई है। मौके पर ही उसे गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस अब उससे तस्करी के संभावित नेटवर्क, सप्लाई चैन और उसके स्थानीय संपर्कों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिन्हें आगे की जांच में खंगाला जा रहा है। एसपी ने कहा कि यह बरामदगी साल 2025 की अब तक की सबसे बड़ी चरस खेप मानी जा रही है।
इस कार्रवाई में मणिकर्ण थाना प्रभारी एसएचओ संजीव वालिया और उनकी टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही। टीम की सतर्कता, तेजी और पेशेवर तरीके से की गई कार्रवाई की हर जगह सराहना हो रही है। स्थानीय लोग भी इस सफलता को नशा माफिया पर एक बड़ी चोट के रूप में देख रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि ऐसे निरंतर अभियानों से कुल्लू घाटी में नशा तस्करी की कमर टूट रही है और आने वाले समय में इस तरह की और भी सख़्त कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।
















