मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

मंडी के पड्डल मैदान में सजेगा भव्य राज्य स्तरीय समारोह, प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर तैयारियां तेज

फ्रंट पेज न्यूज़ मंडी।
प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर मंडी में होने वाला राज्य स्तरीय समारोह अब पूरी रफ़्तार से तैयारियों की ओर बढ़ रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से जुड़े हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हुई और विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पड्डल मैदान—जहां यह विशाल कार्यक्रम आयोजित होना है—में सभी प्रबंध समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश सरकार का बेहद अहम आयोजन है, इसलिए अधिकारी और कर्मचारी टीमवर्क, गंभीरता और बेहतर तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

पूरे मैदान में होंगी जानकारीपूर्ण प्रदर्शनियां

बैठक में तय किया गया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और जनहित कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता तक पहुँचाने के लिए विभागीय प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। उपायुक्त ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि इन व्यवस्थाओं को समय पर अंतिम रूप दिया जाए ताकि लोग योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।

यातायात, पार्किंग और आवागमन पर विशेष ध्यान

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों और आम जनता के पहुँचने की संभावना को देखते हुए बैठक में यातायात योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। परिवहन और पार्किंग स्थल पूर्व निर्धारित किए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। अन्य जिलों से मंडी पहुंचने वाले लाभार्थियों के ठहराव, भोजन और आवागमन संबंधी इंतजामों पर भी विशेष निर्देश दिए गए।

साफ–सफाई और बेसिक सुविधाओं पर विशेष फोकस

पड्डल मैदान और आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता और पेयजल की आपूर्ति को लेकर नगर निगम को आवश्यक प्रबंध तुरंत पूरे करने को कहा गया। कार्यक्रम के दौरान भी साफ-सफाई और कूड़ेदान की उपलब्धता पर निरंतर ध्यान देने की बात कही गई।

सुरक्षा प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा

सुरक्षा व्यवस्था इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण पहलू है। उपायुक्त ने पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को संयुक्त रूप से सुरक्षा योजना बनाने और मैदान में व्यापक सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को भी कहा गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखेगा सरकारी योजनाओं का संदेश

समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकार की प्रमुख योजनाओं और एंटी चिट्टा अभियान पर जागरूकता फैलाने की योजना भी बैठक में बनाई गई। इसके लिए लोक संपर्क विभाग और भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग को समन्वय के साथ तैयारी करने को निर्देशित किया गया।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, एसडीएम मंडी रुपिंदर कौर, सहायक आयुक्त के.एस. पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page