फ्रंट पेज न्यूज़ रिवाड़ी,आनी (राज शर्मा)।
राधे-राधे वेटरनरी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, रिवाड़ी में लोहड़ी का पावन पर्व इस वर्ष बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। पूरे संस्थान परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने मिलकर इस पर्व को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. मुकेश कुमार द्वारा विधिवत रूप से पवित्र अग्नि प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं ने लोहड़ी की अग्नि में तिल, मूंगफली और रेवड़ी अर्पित कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर संस्थान के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पारंपरिक पंजाबी गीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया। छात्रों के उत्साह और जोश ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
छात्रों को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि लोहड़ी का पर्व आपसी भाईचारे, नई शुरुआत और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पवित्र अग्नि हमारे भीतर की नकारात्मकता और बुराइयों को समाप्त कर हमें अच्छे कार्यों की ओर प्रेरित करती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे एक सफल वेटरनरी प्रोफेशनल बनने के साथ-साथ समाज सेवा, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों को भी अपने जीवन में आत्मसात करें।
डॉ. कुमार ने सभी को लोहड़ी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
इस मौके पर संस्थान की प्रबंध निदेशिका सरोज कुमारी, समन्वयक डॉ. निशू सहित समस्त टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर इस पर्व को आपसी सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया।
रिवाड़ी के राधे-राधे वेटरनरी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में धूमधाम से मनाया गया लोहड़ी का पर्व, संस्कृति और एकता का दिखा सुंदर संगम














