मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

लारजी: बंजार–सैंज क्षेत्र का प्रमुख केंद्र, पर शौचालय व्यवस्था लचर

फ्रंट पेज न्यूज़ लारजी

लारजी, बंजार और सैंज उपमंडलों के बीच स्थित एक प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां लगातार राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। बस स्टॉपेज होने के कारण भी इस क्षेत्र में दिनभर चहल-पहल बनी रहती है और कई बार भीड़ हजारों तक पहुंच जाती है। लारजी पंचायत का मुख्यालय भी यही है तथा व्यापारिक गतिविधियों के कारण यह स्थान स्वाभाविक रूप से व्यस्ततम क्षेत्र की श्रेणी में आता है।

लेकिन विडंबना यह है कि इतनी अधिक आवाजाही और भीड़भाड़ के बावजूद यहां मात्र एक ही सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध है, जिसे एनएचपीसी स्टेज-III द्वारा निर्मित करवाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शौचालय अत्यधिक गंदगी, बदबू और रखरखाव के अभाव के कारण उपयोग लायक ही नहीं रहता। कई बार तो अंदर तक जाना भी मुश्किल हो जाता है।

चिंता की बात यह भी है कि लारजी बाजार की अधिकांश दुकानों के पास स्वयं के शौचालय नहीं हैं, जिसके कारण दबाव उसी एकमात्र सार्वजनिक शौचालय पर बढ़ जाता है।

इस मुद्दे पर जब लारजी ग्राम पंचायत के प्रधान गुड्डू राम से बात की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि शौचालय की स्थिति वास्तव में चिंताजनक है। उनका कहना था—“लारजी में रोजाना सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। अधिक आवागमन और दबाव के कारण शौचालय गंदा हो जाता है। स्थानीय व्यापारी वर्ग भी इसका उपयोग तो करते हैं, लेकिन इसकी स्थायी सफाई व्यवस्था में सहयोग नहीं देते। हमारे पास नियमित सफाई कर्मचारी रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, पर अब हम प्रयास करेंगे कि यहां एक स्थाई और नियमित सफाई व्यवस्था लागू करवाई जाए।”

स्थानीय लोग और व्यापारी वर्ग अब प्रशासन व पंचायत से अपेक्षा कर रहे हैं कि लारजी जैसे भीड़भाड़ वाले केंद्र में स्वच्छता और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि स्थानीय जनता और आने वाले पर्यटकों को राहत मिल सके।

You cannot copy content of this page