मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

नववर्ष की खुशियाँ मातम में बदलीं: कुल्लू में भीषण सड़क हादसा, चार युवाओं की दर्दनाक मौत


फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू। बुधवार देर रात जिला मुख्यालय में नए साल का जश्न एक भयावह सड़क हादसे में तब्दील हो गया। भूतनाथ पुल के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में एक युवक समेत तीन युवतियों की मौके पर ही अथवा इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रात करीब 1 बजे हुई। कार में सवार सभी युवक-युवतियाँ कसोल से लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी कार भूतनाथ पुल के समीप पहुँची, वाहन अनियंत्रित हो गया और पहले सड़क किनारे लगे पैरापिट से टकराया, फिर वहीं खड़े एक ट्रक के नीचे जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर कार में फँसे घायलों को बाहर निकाला और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुँचाया। यहाँ चिकित्सकों ने 25 वर्षीय सतपाल पुत्र ध्यान चंद, निवासी चामुंडा नगर ढालपुर (कुल्लू), तथा 20 वर्षीय अंकिता पुत्री राकेश कुमार, निवासी तांदी, जिला लाहुल-स्पीति और 20 वर्षीय कशिश पुत्री तेजराम, निवासी जल्लुग्रां, उपतहसील जरी (कुल्लू) को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय रतांजलि पुत्री युधिष्ठिर लाल, निवासी सचानी, तहसील भुंतर (कुल्लू) को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।
इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मृतक युवक सतपाल का 31 दिसंबर को जन्मदिन था। वह अपनी तीन दोस्तों के साथ जन्मदिन और नए साल का जश्न मनाने कसोल गया था। लौटते वक्त यह हादसा हो गया। सतपाल पेशे से टैटू आर्टिस्ट था और जिला मुख्यालय के अखाड़ा बाजार में उसकी दुकान थी।
उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। इस हादसे ने पूरे जिले को शोक में डुबो दिया है।

You cannot copy content of this page