फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू |
मादक दवाओं के अवैध कारोबार के विरुद्ध ज़िला पुलिस कुल्लू ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक आदतन आरोपी को मादक दवाओं और मनःप्रभावी पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम अधिनियम के तहत निरोधात्मक कैद में भेजा है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार खेम राज (36) पुत्र स्व. गोपी राम, निवासी गांव शाढ़ाबाई, डाकघर बजौरा, तहसील भून्तर, जिला कुल्लू के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अब तक तीन मामले दर्ज थे, जिनमें उसके कब्जे से हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था।
पुलिस का कहना है कि बार-बार गिरफ्तारी के बावजूद खेम राज गुपचुप तरीके से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय बना रहा। ऐसे में भविष्य में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस कुल्लू ने उसके विरुद्ध निरोधात्मक कैद का प्रस्ताव अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह), हिमाचल प्रदेश सरकार को भेजा। सक्षम प्राधिकारी से आदेश प्राप्त होने के बाद आरोपी को 20 दिसंबर 2025 को तीन महीने की अवधि के लिए जिला कारागार कुल्लू में हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने स्पष्ट किया कि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए कानून के तहत उपलब्ध सभी सख़्त प्रावधानों का उपयोग किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अब तक छह व्यक्तियों को इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कैद में भेजा जा चुका है। जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि युवाओं और समाज को इस कुरीति से बचाया जा सके।
एनडीपीएस मामलों में बार-बार संलिप्त आरोपी पर सख़्त कार्रवाई, खेम राज तीन माह की निरोधात्मक कैद में













