फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू/मनाली। उद्घोषित अपराधी सेल, कुल्लू ने मंगलवार 18 नवंबर 2025 को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने छह वर्ष पुराने चोरी के मामले में वांछित चल रहे उद्घोषित अपराधी रेहमत अली (34) पुत्र अली हुसैन, निवासी गाँव व डाकघर जीया, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू, को मनाली के व्यस्त मॉल रोड के पास धर दबोचा।
अभियुक्त अभियोग संख्या 160/19, दिनांक 01.07.2019 के तहत धारा 454 व 380 IPC में थाना सदर कुल्लू में वांछित था। लंबे समय से न्यायालय के समक्ष पेश न होने के कारण माननीय JMFC, कुल्लू की अदालत ने 16 सितंबर 2025 को उसे उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, उद्घोषित अपराधी सेल की विशेष टीम पिछले कई दिनों से रेहमत अली की लोकेशन पर निगरानी रख रही थी। मंगलवार को विश्वप्रसिद्ध पर्यटक स्थल मॉल रोड, मनाली के आसपास उसकी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। टीम ने बिना समय गंवाए उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। गिरफ्तारी को पुलिस ने चोरी के पुराने मामलों की जांच में एक अहम सफलता बताया है।


















