मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

कुल्लू बस स्टैंड पर HRTC बस में तोड़फोड़ व परिचालक-चालक से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

फ्रंट पेज न्यूज कुल्लू।
मनाली–चंडीगढ़ रूट पर चल रही हिमसुता वोल्वो बस में सवार होने से रोके जाने पर उत्पन्न विवाद ने सोमवार रात हिंसक रूप ले लिया। घटना के संबंध में परिचालक श्याम लाल, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की शिकायत पर पुलिस थाना सदर कुल्लू में मारपीट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को रात करीब 9:50 बजे वोल्वो बस संख्या HP63-7552 (हिमसुता) कुल्लू बस स्टैंड पर खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक बस के पास आया और कैथल जाने के बारे में पूछा। युवक के मुंह से शराब की तीव्र गंध आने पर परिचालक ने उसे बस में बैठने से मना कर दिया। तभी एक स्थानीय युवक भी मौके पर पहुंचा और परिचालक से उलझने लगा। आरोप है कि गाली-गलौज के बीच हरियाणा के दो युवक जबरन बस में घुसने लगे।

परिचालक द्वारा रोकने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए चालक हेमराज से भी हाथापाई की गई। इसके बाद आरोपियों ने बस पर पत्थरबाजी की, जिससे बस को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 132, 115(2), 3(5), 351(2), 352 तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3(2) के तहत अभियोग दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों—शिवम कश्यप (28) निवासी लोअर ढालपुर, जिला कुल्लू और बबलू (29) निवासी वार्ड नंबर 8, माता गेट, कैथल (हरियाणा)—को गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर 18 दिसंबर 2025 तक पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल तीसरा आरोपी अमित (निवासी हरियाणा) मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। खुफिया सूत्र भी सक्रिय किए गए हैं।

अभियोग का अन्वेषण उप निरीक्षक अमर सिंह, अन्वेषणाधिकारी, थाना कुल्लू द्वारा किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक परिवहन और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page