फ्रंट पेज न्यूज कुल्लू।
भारत–बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर वर्ष 1991 में पशु तस्करी रोकते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत शहीद देवी चंद की स्मृति में आज उनके पैतृक गांव बाशिंग (कुल्लू) में स्थापित प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। यह भावुक और गौरवपूर्ण अवसर देशभक्ति, अनुशासन और बलिदान के संदेश से सराबोर रहा। कार्यक्रम में Border Security Force की 510 बटालियन के अधिकारी व जवान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिमा का अनावरण मदन लाल, पुलिस अधीक्षक कुल्लू, के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। इसके पश्चात पंचायत भवन बाशिंग के सभागार में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाशिंग एवं मूर्ति अनावरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य राजेश ठाकुर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर एसपी कुल्लू, बीएसएफ के अधिकारियों व जवानों तथा कंवर वीरेंद्र सिंह (उपाध्यक्ष, सूत्रधार कला संगम) को कुल्लू की पारंपरिक शैली में सम्मानित किया गया।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एसपी मदन लाल ने कहा, “शहीद देवी चंद का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टा जैसे घातक ड्रग्स से दूर रहकर अनुशासन, कानून व्यवस्था और देशहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।” उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन न सौंपें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से अनमोल जिंदगियां सुरक्षित रह सकें। साथ ही बच्चों को मोबाइल और नशे से दूर रखते हुए खेल, कला, संस्कृति और सकारात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
मूर्ति अनावरण समिति के अध्यक्ष दिनेश सेन (अध्यक्ष, सूत्रधार कला संगम कुल्लू एवं पूर्व जनप्रतिनिधि) ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों की स्मृति को संजोकर रखना समाज का नैतिक दायित्व है। ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सूत्रधार कला संगम द्वारा युवाओं को मंच और रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की और युवाओं से इस मंच से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे एडवोकेट ताराचंद कौशिक तथा शहीद देवी चंद के परिवारजनों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। प्रतिमा स्थापना में विजय कुमार (उपप्रधान बाशिंग), समाजसेवी विजय सेन, राजेश शास्त्री, नरोतम जांगीर, बाबा कुमार दास सहित कई लोगों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर एसपी कुल्लू मदन लाल, समिति अध्यक्ष दिनेश सेन, बीएसएफ 510 बटालियन के अधिकारी व जवान, पंचायत प्रतिनिधि, स्कूल स्टाफ, एसएमसी अध्यक्ष झाबे राम, संरक्षक अनिल शर्मा, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरा वातावरण “शहीद अमर रहें” के नारों और देशभक्ति की भावना से गूंजता रहा।
1991 में सीमा पर शहीद हुए देवी चंद को श्रद्धांजलि, पैतृक गांव में प्रतिमा स्थापित














