फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
औट–लूहरी राष्ट्रीय राजमार्ग–305 इन दिनों बंजार, सिराज और आनी विधानसभा क्षेत्रों की जनता के लिए भारी परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है। बीते दो बरसाती मौसमों के बाद इस सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इस पर यात्रा करना जोखिम से खाली नहीं रहा। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग आज गड्ढों, टूटे हिस्सों और जगह-जगह धंसान के कारण बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने इस पूरे मामले को लेकर राज्य सरकार और संबंधित विभागों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग के सुधार और रखरखाव के लिए केंद्र सरकार की ओर से समय पर स्वीकृतियां और पूरा बजट उपलब्ध कराया जा रहा है, इसके बावजूद जमीनी स्तर पर हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। यह साफ तौर पर राज्य सरकार और विभागीय तंत्र की लापरवाही और कमजोर कार्यप्रबंधन को दर्शाता है।
विधायक शौरी ने कहा कि सड़क के प्रबंधन और उन्नयन से जुड़ी कई परियोजनाएं पहले ही स्वीकृत हो चुकी हैं, लेकिन समयबद्ध तरीके से न तो उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है और न ही जरूरी दस्तावेजी औपचारिकताओं और आपत्तियों का समाधान किया जा रहा है। नतीजा यह है कि ठेकेदार भी अपेक्षित गति से काम शुरू या पूरा नहीं कर पा रहे हैं और आम जनता को इसकी कीमत रोजाना जोखिम उठाकर चुकानी पड़ रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस मार्ग से जुड़े कई कार्य मौसम की विषम परिस्थितियों के कारण मार्च माह तक ही पूरे हो सकेंगे, लेकिन विभागीय लापरवाही और आपसी समन्वय के अभाव ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आगामी पर्यटन सीजन में इसका सीधा और नकारात्मक असर पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
विधायक शौरी ने मांग की कि जनता को सही और तथ्यपरक जानकारी देना सरकार और विभाग की जिम्मेदारी है। इसके लिए बंजार में संबंधित विभागों, ठेकेदारों और जनप्रतिनिधियों की एक समन्वय बैठक तुरंत आयोजित की जानी चाहिए, ताकि सड़क के कार्यों की स्पष्ट रूपरेखा तय हो सके, समय-सीमा निर्धारित की जा सके और स्थानीय लोगों को वर्तमान स्थिति व भविष्य की योजनाओं के बारे में भरोसे में लिया जा सके।
उन्होंने दो टूक कहा कि NH-305 की बदहाली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो जनता के हित में इस मुद्दे को और मजबूती से उठाया जाएगा।




























