तीर्थन घाटी गुशैनी, बंजार, फ्रंट पेज न्यूज़ (परस राम भारती) — विश्व धरोहर ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की गोद में बसे तीर्थन घाटी के छोटे से गांव काऊंचा में इन दिनों बर्फ की सफेद चादर बिछी है, और इसी मनोहारी लेकिन कठिन मौसम के बीच गांव में 15 माघ उत्सव पूरी श्रद्धा, उल्लास और परंपरा के साथ मनाया गया;
उपमंडल बंजार की दूरदराज ग्राम पंचायत नोहंडा के अंतर्गत आने वाले इस गांव में भगवान अनंत काली नाग जी महाराजा और प्रभु लक्ष्मी नारायण जी काऊंचा के पावन सानिध्य में देव कारवाही के उपरांत ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उत्सव मनाया, जिसमें महिलाओं और पुरुषों ने पौराणिक कुल्लवी वेशभूषा धारण कर लोकसंस्कृति की सुंदर झलक पेश की और बर्फ से ढकी ऊंची चोटियों व घने जंगलों के बीच नियम-कायदों के अनुसार प्राचीन देव परंपराओं का निर्वहन करते हुए देवी-देवताओं के जयकारों से पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया; इस अवसर पर प्रभु काली नाग जी के दरोगा चेतराम ठाकुर, भगवान लक्ष्मी नारायण जी काऊंचा के कारदार गोपाल ठाकुर, चरण चौहान, ठाकुर पवन सूर्यवंशी, अनु ठाकुर, तीर्थी रूप सिंह सहित समस्त महिला मंडल और गांव के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे,
और पारंपरिक नाटी व अनुष्ठानों के साथ यह उत्सव आस्था, संस्कृति और सामूहिक एकता का जीवंत उदाहरण बन गया; उल्लेखनीय है कि इसी गांव ने हाल ही में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस भी सादगी और देशभक्ति के साथ मनाया था, और काऊंचा में ऐसे आयोजनों से न केवल परंपराओं का संरक्षण हो रहा है बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त प्रयास भी निरंतर जारी है।




























