मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

कांगड़ा बैंक का पेखड़ी में जागरूकता शिविर, किसानों-बागबानों को योजनाओं की मिली जानकारी

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।

बंजार विकास खंड के अंतर्गत तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत पेखड़ी में कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक, गुशैणी के सौजन्य से एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के महिला-पुरुष किसानों और बागबानों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बैंकिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
शिविर में कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक जगदीश कुमार ने अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति सुरक्षा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान निधि, बचत खाता तथा ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सरल भाषा में बताया कि किस प्रकार किसान और आम उपभोक्ता इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक सुरक्षा मजबूत कर सकते हैं और डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरत सकते हैं।
इस अवसर पर विश्व बैंक-नाबार्ड के फंड से संचालित वित्तीय सहायता योजना के अंतर्गत किसानों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिससे आयोजन और भी सुव्यवस्थित एवं सहभागितापूर्ण बन गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान पुष्पा ठाकुर, टैक्सी चालक यूनियन के प्रधान चन्द्र कुमार, रोशन लाल ठाकुर, लोभू राम, दौलत राम, गुड्डू ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रधान पुष्पा ठाकुर ने बैंक शाखा में पिछले लगभग एक वर्ष से खराब पड़ी प्रिंटर मशीन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बैंक में जमा और निकासी का पूरा हिसाब लोगों की पासबुक में दर्ज होता है, लेकिन मशीन खराब होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर शाखा प्रबंधक जगदीश कुमार ने स्पष्ट किया कि संबंधित कंपनी को मशीन ठीक कराने के लिए लिखित शिकायत भेज दी गई है और जल्द ही इसे ठीक करवा कर बैंकिंग सेवाओं को सुचारू रूप से लोगों के हित में संचालित किया जाएगा।

You cannot copy content of this page