फ्रंट पेज न्यूज़ नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश के हवाई संपर्क को मजबूत करने से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से विशेष केंद्रीय सहायता (ग्रांट) की मांग करते हुए कहा कि कांगड़ा जिला पर्यटन की दृष्टि से अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है और यहां हवाई अड्डे के विस्तार से राज्य में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने परियोजना से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर भी जोर दिया और कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने उड़ानों के संचालन को अधिक व्यवहारिक बनाने के लिए विशेष विजुअल फ्लाइट रूल्स लागू करने का भी आग्रह किया, ताकि न्यूनतम दृश्यता की सीमा को वर्तमान 5 किलोमीटर से घटाकर 2.5 किलोमीटर किया जा सके और खराब मौसम या कम दृश्यता की स्थिति में भी उड़ानों का संचालन संभव हो सके। इसके अलावा उन्होंने कुल्लू और शिमला एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था सीआईएसएफ के बजाय राज्य पुलिस को सौंपने का प्रस्ताव रखा, यह तर्क देते हुए कि यहां उड़ानों और यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम है और इससे राज्य पर पड़ने वाला वित्तीय बोझ भी घटेगा। मुख्यमंत्री ने शिमला एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन का समय बढ़ाकर शाम 4 बजे तक करने की भी मांग रखी, ताकि अधिक फ्लाइट ऑपरेशन संभव हो सकें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़-शिमला-चंडीगढ़ रूट पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने और प्रदेश में प्रस्तावित चार हेलीपोर्ट को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध भी किया। इस पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने अधिकारियों को कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए संबंधित विभागों के साथ संयुक्त बैठक कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए और राज्य को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह भी उपस्थित रहे।




























