फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार (नवल किशोर चौहान)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलवारी में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तुले राम भारती, सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग, ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विशेष बात यह रही कि मुख्य अतिथि ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की है, जिससे उनका इस विद्यालय से भावनात्मक जुड़ाव भी झलका।

कार्यक्रम में अनूप नेगी, सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर हिमाचल प्रदेश पुलिस, तथा संदीप चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत कलवारी की प्रधान प्रेमलता भारती, विद्यालय के एडॉप्टर एवं सेवानिवृत्त अध्यापक जंगवीर सिंह मियां भी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा माता सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने भावपूर्ण सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यालय प्रशासन एवं एसएमसी की ओर से अतिथियों का पारंपरिक तरीके से टोपी, बैज, मफलर पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, खेलकूद, विज्ञान एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास और बेहतर करियर निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। एकल गान, समूह गान, नृत्य, कुल्लवी नाटी, महासुवनी नाटी, वाद्य यंत्रों के साथ पारंपरिक नृत्य, भाषण एवं नाटकों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक और नैतिक संदेश भी दिए। इन प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन किया बल्कि उपस्थित जनसमूह को जागरूक भी किया।
मुख्य अतिथि तुले राम भारती ने विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यालय के सफल आयोजन हेतु ₹11,000 की सहयोग राशि प्रदान की तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सहित समिति के सभी सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में अध्यापक उत्तम सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
















