मौसम क्रिकेट ईरान इस्राइल युद्ध मेले और त्यौहार स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश-विदेश राशिफल आध्यात्मिक

कलवारी में ज्ञान का नया द्वार खुला: लाइब्रेरी भवन उद्घाटन पर बोले विधायक शौरी—‘युवाओं का भविष्य अब गांव की किताबों से होगा रोशन

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।

कलवारी पंचायत के कलवारी गांव में बुधवार को नव-निर्मित लाइब्रेरी भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि लाइब्रेरी किसी भी समाज की बौद्धिक धरोहर होती है। यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को दिशा देने वाला एक प्रेरक केन्द्र है।

उन्होंने कहा कि अगर गांव की लाइब्रेरी अच्छी पुस्तकों, सुव्यवस्थित रखरखाव और उपयुक्त माहौल के साथ संचालित की जाए, तो यह युवाओं को भटकाव, नशे और गलत संगत से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। यहां पढ़ने आने वाले छात्र न केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं बल्कि गांव के पढ़े-लिखे लोग भी समय का सदुपयोग कर सकेंगे।

अपने संबोधन में विधायक शौरी ने वर्तमान सरकार पर कड़े शब्दों में प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के समय शुरू हुए अधिकांश विकास कार्य ठप हो गए हैं, कई सड़क परियोजनाओं पर काम पूरी तरह रुका पड़ा है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन–चार महीनों से बस सेवाएं बहाल नहीं हुई हैं, जिससे लोगों को यात्रा के लिए भारी-भरकम किराया चुका कर टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार को “छलावा कर सत्ता में आई सरकार” बताते हुए कहा कि प्रदेश का हर वर्ग आज परेशान है—कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा, फल उत्पादकों को उचित मूल्य नहीं मिल रहे और आम जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

विधायक ने जनसभा में कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने लक्ष्मी नारायण मंदिर के विकास के लिए 5 लाख रुपये, कांडे नाग महिला मंडल, देहुरी महिला मंडल और शेषनाग युवक मंडल को 25–25 हजार रुपये, तथा नव-निर्मित पुस्तकालय के लिए एक कंप्यूटर और प्रिंटर देने की घोषणा की।

इस अवसर पर जिला भाजपा सचिव अमर सिंह ठाकुर, स्थानीय पंचायत प्रधान हेमलता भारती, पंचायत समिति के उपाध्यक्ष दूर सिंह, तुंग पंचायत प्रधान घनश्याम सिंह, चनौन पंचायत प्रधान चेतराम, स्टील पंचायत प्रधान हीरा सिंह दीपक, मोहनी पंचायत प्रधान लाल सिंह, चकुरठा पंचायत के पूर्व प्रधान तेज सिंह, चैहणी पंचायत के प्रधान पुरनचंद, तथा देवता लक्ष्मी नारायण के कारदार रमेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page