फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
17 परिवारों को पाँच लाख से अधिक की राहत राशि, ग्रामीणों ने जताया आभार
बंजार (परस राम भारती) :- उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के दूरदराज बसे झनियार गांव में हाल ही में लगी भीषण आग की घटना ने 17 परिवारों को भारी क्षति पहुंचाई। आगजनी में कई घर, सामान और स्थानीय मंदिर को नुकसान हुआ। इस कठिन घड़ी में ग्रीनबेरी आरकेजी वेलफेयर फाउंडेशन नारकंडा आगे आया और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए मानवीय पहल करते हुए बड़ा कदम उठाया।

बुधवार को फाउंडेशन के चेयरमैन राजेश कुमार गुप्ता और हिमाचल प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्षा विद्या नेगी स्वयं झनियार गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने घर-घर जाकर नुकसान का मूल्यांकन किया और प्रभावित लोगों का दर्द बांटा।

इस अवसर पर फाउंडेशन ने कुल पाँच लाख सत्ताइस हजार रुपये की राहत सामग्री और आर्थिक सहायता प्रदान की। इसमें प्रत्येक पीड़ित परिवार को 31,000 रुपये की नकद सहायता राशि दी गई। इसके साथ ही आग में क्षतिग्रस्त स्थानीय मंदिर की मरम्मत के लिए 51,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की गई।

राहत वितरण कार्यक्रम में महिला आयोग की अध्यक्षा विद्या नेगी, एपीएमसी कुल्लू-लाहौल स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां, ग्राम पंचायत नोहाँडा के प्रधान अंकुश शलाठ, समाज सेविका भीमा देवी, लता देवी, वार्ड सदस्य कैलाश चंद, बेली राम, करदार प्रताप सिंह, दीपा देवी, प्रेमा देवी, ब्रिज लाल, रेलु राम, डाबे राम, शिव राम, जीवन लाल, दीना नाथ, सुरेश कुमार सहित गांव के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने संकट की इस घड़ी में मिली आर्थिक सहायता और संवेदनशीलता के लिए ग्रीनबेरी आरकेजी वेलफेयर फाउंडेशन और चेयरमैन राजेश कुमार गुप्ता का दिल से आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि यह सहयोग उनके लिए केवल वित्तीय सहारा नहीं, बल्कि मानवता की एक बड़ी मिसाल है, जिसने उनके मनोबल को मजबूत किया है।
इस मौके पर राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी सामाजिक कार्यों और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाज सेवा के इस प्रयास को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।











