फ्रंट पेज न्यूज़ आनी (कुल्लू) राज शर्मा। उपमंडल आनी में शुक्रवार को प्रशासन द्वारा “जान है तो जहान है” अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एसडीएम कार्यालय आनी में प्रेस क्लब आनी और मीडिया मंच आनी के पत्रकारों के साथ एक संवादात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया कि यह अभियान जनभागीदारी पर आधारित होगा, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि हर महीने के अंतिम शनिवार को पूरे उपमंडल में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य आनी को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। उन्होंने लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने और इस मुहिम को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान आपदा प्रबंधन और सांस्कृतिक संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया। एसडीएम ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए नागरिकों को पहले से तैयार रहना होगा। इसके तहत आवश्यक खाद्य सामग्री का भंडारण और सतर्कता बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही प्रत्येक पंचायत स्तर पर आपातकालीन कमेटियों के गठन की योजना पर भी चर्चा हुई, ताकि संकट की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन इस दिशा में गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) के सहयोग से कार्य करेगा।
नशा मुक्ति को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए “नशा मुक्त आनी” के लक्ष्य को प्राथमिकता दी है। एसडीएम ने युवाओं से सकारात्मक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता अभियान और करियर काउंसलिंग कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सही दिशा दी जाएगी। स्कूल स्तर पर भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा “हरा-भरा और स्वच्छ आनी” अभियान के तहत पेड़-पौधों का रोपण, जंगलों को आग से बचाने और पर्यावरण संरक्षण पर भी बल दिया जाएगा।

इस अभियान में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, मंदिर कमेटियां, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह, युवा मंडल और पंचायतें मिलकर कार्य करेंगी। बेहतर कार्य करने वाली संस्थाओं और एनजीओ को सम्मानित भी किया जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि इस अभियान की सफलता तभी संभव है जब समाज के सभी वर्ग मिलकर इसे आगे बढ़ाएं। इस अवसर पर प्रेस क्लब आनी के अध्यक्ष हरि कृष्ण शर्मा, संस्थापक एवं सलाहकार छबिन्द्र शर्मा, शिवराज शर्मा, सदस्य जी.आर. भारद्वाज, मीडिया मंच के अध्यक्ष संजीव आर्यन तथा डी.पी. रावत सहित अन्य पत्रकार एवं मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।













