फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार द्वारा 05 दिसंबर 2025 को अंतर्राष्ट्रीय स्वयंसेवी दिवस पर भव्य एवं प्रेरक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ष 1985 से शुरू किए गए इस दिवस का इस वर्ष का वैश्विक थीम—“हर योगदान अहमियत रखता है”—कार्यक्रमों में पूर्ण रूप से प्रतिबिंबित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर से गोद लिए गांव मंदली तक सामाजिक जागरूकता रैली निकालकर किया गया। रैली के दौरान नशा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता और स्वयंसेवी भावना जैसे विषयों पर जन-जागरूकता संदेश दिए गए। इसके पश्चात स्वयंसेवक स्थानीय महर्षि मार्कंडेय मंदिर परिसर पहुँचे, जहाँ उन्होंने सामाजिक विषयों पर अपने विचार साझा किए। मंदिर परिसर और पंचायत भवन के आसपास सफाई अभियान चलाकर स्वयंसेवी दायित्व का उदाहरण प्रस्तुत किया।
मंदिर के महात्मा श्री विवेकानंद जी ने स्वयंसेवकों को जीवन में बौद्धिक और नैतिक स्वच्छता को अपनाने का संदेश देते हुए उनकी सेवा भावना की सराहना की और सभी को जलपान भी करवाया।

द्वितीय चरण में महाविद्यालय सम्मेलन कक्ष में “स्वयंसेवा और विपश्यना” विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के पूर्व प्रति कुलपति एवं गणित विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डा. ज्योति प्रकाश शर्मा ने आभासी माध्यम से अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम अधिकारी द्वारा अतिथि परिचय के उपरांत प्रो. शर्मा ने एनएसएस के मूल उद्देश्यों, शील-साधना, आनापान सती तथा विपश्यना पद्धति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने भगवान बुद्ध के शांतिपूर्ण जीवन सिद्धांतों और मन की निर्मलता को समाजसेवी के लिए अनिवार्य बताया।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार सिंह ने व्याख्यान को वर्तमान परिवेश में अत्यंत उपयोगी बताते हुए स्वयंसेवा को जीवन निर्माण की आधारशिला घोषित किया।

तृतीय चरण में एनएसएस स्वयंसेवी दीपेश्वरी की अध्यक्षता में “राष्ट्रीय सेवा योजना के साथ मेरी यात्रा” विषय पर प्रेरक संवाद आयोजित हुआ, जिसमें उन्होंने अपने चार वर्षों के स्वयंसेवी अनुभवों को साझा करते हुए सेवा, अनुशासन, नेतृत्व व सामाजिक संवेदनशीलता के विकास पर दृष्टि डाली।

अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
जिला कुल्लू व लाहौल–स्पीति के एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार ने सभी स्वयंसेवकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए निरंतर सेवा-समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन की प्रेरणा दी।




























