मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

हॉर्नगार्ड में ठेकेदार की लापरवाही से करोड़ों का नुकसान, संरक्षण दीवार अधूरी – ग्रामीण ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी।


फ्रंट पेज न्यूज़, बंजार (कुल्लू)


कुल्लू जिला के बंजार उपमंडल के अंतर्गत ग्राम हॉर्नगार्ड में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य (I&PH) विभाग द्वारा करवाए जा रहे संरक्षण दीवार (Protection Wall) के कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्थानीय निवासी अशोक कुमार ने आरोप लगाया है कि मार्च 2025 में ठेकेदार को तीन माह के भीतर कार्य पूरा करने का समय दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी कार्य अधूरा पड़ा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठेकेदार द्वारा अब तक केवल कटिंग (खुदाई) का कार्य किया गया है, जबकि दीवार निर्माण का कार्य शुरू ही नहीं हुआ। इस लापरवाही के चलते क्षेत्र में भारी भू-क्षरण हुआ है, जिससे लगभग 5 बीघा भूमि, सड़क तथा आवासीय मकान को गंभीर नुकसान पहुंचा है। स्थानीय अनुमान के अनुसार कुल नुकसान 12 से 15 करोड़ रुपये तक आंका जा रहा है।

विज्ञापन


शिकायतकर्ता ने बताया कि लगातार हो रही कटिंग के कारण उनकी जमीन के साथ-साथ सेब, नाशपाती, प्लम और अन्य फलों के बगीचे भी नष्ट हो गए हैं। साथ ही, अब उनका घर भी खतरे की जद में आ गया है। यदि समय रहते संरक्षण दीवार का निर्माण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में नुकसान और बढ़ने की आशंका है।
इस संबंध में अशोक कुमार द्वारा विभाग को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हाल ही में दी गई शिकायत में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 अप्रैल 2026 तक कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे विभाग और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

विज्ञापन



शिकायत में यह भी मांग की गई है कि:
लंबित कार्य को तुरंत पूरा किया जाए
आगे होने वाले नुकसान को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं
अब तक हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए
यह मामला न केवल विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी और जवाबदेही की स्थिति को भी उजागर करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी शीघ्रता से कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page