मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

‘हिम परिवार’ पहल को राष्ट्रीय पहचान, डिजिटल गवर्नेंस में हिमाचल का नाम रोशन

फ्रंट पेज न्यूज़ शिमला/नई दिल्ली।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार के डिजिटल टेक्नोलॉजीज़ एंड गवर्नेंस विभाग (DDT&G) को बधाई दी है। यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित Governance Now Digital Transformation Summit & Awards के छठे संस्करण में प्रदान किया गया।
इस राष्ट्रीय पुरस्कार की घोषणा हाल ही में शिखर सम्मेलन के दौरान की गई थी, जिसे औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री को उनके प्रधान सलाहकार (डिजिटल टेक्नोलॉजी, इनोवेशन एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल ने सौंपा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को यह सम्मान उसकी महत्वाकांक्षी और प्रमुख डिजिटल पहल ‘हिम परिवार’ के लिए मिला है। इस पहल को डेटा एनालिटिक्स और आधुनिक डिजिटल तकनीकों के प्रभावी एवं नवाचारपूर्ण उपयोग के माध्यम से शासन व्यवस्था को मजबूत करने और जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए सराहा गया है।
उन्होंने कहा कि ‘हिम परिवार’ जैसी तकनीक-आधारित पहलें न केवल प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाती हैं, बल्कि कार्यकुशलता में भी उल्लेखनीय सुधार करती हैं। इससे सरकार की योजनाओं और लाभों की अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी पहुंच सुनिश्चित होती है।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल टेक्नोलॉजीज़ एंड गवर्नेंस विभाग के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विभाग ने नागरिकों के लिए सरल, सुलभ और उपयोगकर्ता-अनुकूल डिजिटल सेवाएं विकसित करने के साथ-साथ पूरे प्रदेश में डिजिटल गवर्नेंस को सशक्त करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विभाग इसी प्रतिबद्धता और नवाचार के साथ कार्य करता रहेगा, जिससे हिमाचल प्रदेश डिजिटल सुशासन के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि हिमाचल प्रदेश डिजिटल परिवर्तन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और ‘हिम परिवार’ जैसी पहलें राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रही हैं।

You cannot copy content of this page