फ्रंट पेज न्यूज़ शिमला।
हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने इस वित्त वर्ष में बड़ा अभियान छेड़ दिया है। विभाग की विशेष टीमों ने अब तक पूरे राज्य में विभिन्न स्थलों पर लगातार दबिश देते हुए 523 केस दर्ज किए हैं और 21,637.166 लीटर अवैध शराब तथा 33,308.900 लीटर लाहन बरामद किया है। सिर्फ पिछले महीने की बात करें तो दक्षिणी जोन शिमला में 309.340 लीटर, मंडी के मध्य जोन में 2,678.225 लीटर, और उत्तरी जोन पालमपुर में 529.150 लीटर अवैध शराब पकड़ी गई। इसके अलावा पुलिस जिला बद्दी में 286.09 लीटर, कुल्लू में 2,090.625 लीटर, मंडी में 528.350 लीटर और ऊना में 286.045 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। सरकार ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएं।
अक्टूबर महीने में विभाग ने नूरपुर पुलिस जिला के दमटल क्षेत्र में स्थित गांव मिलवां, ठाकुरद्वारा, बरोता, बेला लुडाचा और उलेहरियाँ में कई सक्रिय अवैध भट्ठियों का भंडाफोड़ किया, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों के बाद विभाग ने राज्य में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए 35 विशेष टीमें गठित की हैं। इनमें कुल्लू और चंबा में चार-चार, जबकि शिमला, सोलन, बिलासपुर, मंडी व ऊना में तीन-तीन टीमें तैनात की गई हैं। कांगड़ा, सिरमौर, हमीरपुर और BBN पुलिस जिला में दो-दो तथा किन्नौर में एक टीम काम कर रही है।
आबकारी आयुक्त युनूस ने कहा कि राज्य सरकार अवैध शराब गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है और राजस्व को नुकसान से बचाने के लिए नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें। विभाग ने शिकायत के लिए व्हाट्सऐप नंबर 94183-31426, दक्षिण जोन के 0177-2620425, 0177-2620426, उत्तर जोन पालमपुर के 01894-230186 और मध्य जोन मंडी के 01905-223499 नंबर जारी किए हैं, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर तत्काल रोक लगाई जा सके।




























