मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

ग्रेटर नोएडा में हिमाचल का गौरव: सुंदरनगर के चेतन चौधरी ने सीनियर नेशनल बॉक्सिंग में जीता कांस्य

फ्रंट पेज न्यूज़ सुंदरनगर (विजय)
ग्रेटर नोएडा में 4 से 10 जनवरी तक आयोजित सीनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की टीम ने भी पूरे दमखम के साथ भागीदारी निभाई। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र के जरल गांव से ताल्लुक रखने वाले युवा मुक्केबाज़ चेतन चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया।
चेतन चौधरी का यह सफर आसान नहीं रहा। प्रतियोगिता के दौरान उन्हें एक से बढ़कर एक मजबूत खिलाड़ियों से जूझना पड़ा।
प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने असम के बॉक्सर को मात दी,


क्वार्टर फाइनल में पंजाब के खिलाड़ी को हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की,
जबकि सेमीफाइनल में उनका सामना आर्मी के एक अनुभवी बॉक्सर से हुआ, जहां कड़े मुकाबले के बाद चेतन कांस्य पदक तक पहुंचे।
मंडी जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के प्रधान सुरेश चौधरी ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि चेतन की यह सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि चेतन का खेल से गहरा नाता पारिवारिक विरासत से भी जुड़ा है। उनके दादा बास्केटबॉल के इंडिया लेवल खिलाड़ी रह चुके हैं और आईटीबीपी में इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। यानी खेल की भावना चेतन के खून में है
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मंडी जिला बॉक्सिंग संघ की ओर से चेतन चौधरी और उनके कोच नरेश ठाकुर को हार्दिक बधाई दी गई है। सुरेश चौधरी ने कहा कि यह पदक सिर्फ एक खिलाड़ी की जीत नहीं, बल्कि पूरे मंडी जिले और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
चेतन चौधरी की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और यह साबित करती है कि छोटे गांवों से निकलकर भी बड़े राष्ट्रीय मंच पर चमका जा सकता है।

You cannot copy content of this page