फ्रंट पेज न्यूज़ प्रागपुर।
राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के विकास, सामाजिक न्याय और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की नई दिशा तय करने वाले कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह दिन केवल उत्सव का नहीं, बल्कि हिमाचल के संघर्ष, आत्मसम्मान और उपलब्धियों को स्मरण करने का अवसर है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य ऐसा विकास मॉडल तैयार करना है जो पर्यावरण के अनुकूल हो और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चले। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों के लंबित बकाया का भुगतान करने का बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि यह कदम बुजुर्गों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करेगा।

प्रदेश की आर्थिकी की रीढ़ माने जाने वाले किसानों और बागवानों की भागीदारी और अधिकार सुनिश्चित करने के लिए कृषि और बागवानी आयोग के गठन की भी घोषणा की गई, जो नीतियों के निर्माण में उनकी सीधी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए प्रागपुर में एसडीएम कार्यालय और नल्सूहा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की गई, जिससे लोगों को प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने वाला ‘समृद्ध हिमाचल विजन डॉक्यूमेंट’ अब अंतिम चरण में है, जिसका उद्देश्य हिमाचल को आत्मनिर्भर, संवेदनशील और समृद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सहभागिता से ही सफल होगी और इसी विश्वास के साथ उन्होंने प्रदेशवासियों को पूर्ण राज्यत्व दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।












