फ्रंट पेज न्यूज़ राज शर्मा (आनी)
आनी, 29 मार्च 2026:
सामर्थ्य फाउंडेशन हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से नागरिक अस्पताल आनी में आयोजित एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का शुभारंभ उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) आनी द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
शिविर प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के लगभग 200 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया

। इस दौरान हड्डी रोग (ऑर्थोपेडिक) तथा ईएनटी (नाक, कान, गला) विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित उपचार एवं आवश्यक सलाह प्रदान की।
इस स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू और एमजीएमसी खनेरी से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ नागरिक अस्पताल आनी की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया, वहीं ब्लड टेस्ट एवं एक्स-रे जैसी जांचें भी पूरी तरह मुफ्त की गईं। कई मरीजों के एक्स-रे मौके पर ही किए गए, जिससे लोगों को त्वरित राहत मिली।
यह शिविर स्वास्थ्य विभाग, भगवती चैरिटेबल फाउंडेशन हिमाचल प्रदेश तथा स्थानीय प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

अपने संबोधन में एसडीएम आनी ने सामर्थ्य फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दूरदराज क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध करवाना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
शिविर में डॉ. पुनीत कटोच, डॉ. सुमित वालिया, डॉ. राहुल, जिला समन्वयक अनूप नेगी, उपाध्यक्ष डीमा राम, मीडिया प्रभारी संजीव आर्य, फार्मेसी अधिकारी आदर्श शर्मा, रमेश कुमार, हंसराज सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन अवसर पर सामर्थ्य फाउंडेशन के संस्थापक नीरज शर्मा ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।













