फ्रंट पेज न्यूज़ डेस्क पेरिस। फ्रांस के राष्ट्रपति भवन एलीज़े पैलेस से कीमती बर्तनों और सजावटी वस्तुओं की चोरी के मामले में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पेरिस पुलिस और अभियोजन एजेंसियों की जांच में सामने आया है कि इस हाई-प्रोफाइल चोरी का मुख्य आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्रपति Emmanuel Macron का ही पूर्व खिदमतगार (हेड बटलर/स्टूवर्ड) है, जिसे वर्षों तक राष्ट्रपति भवन के भीतर काम करने का पूरा भरोसा हासिल था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी ने अपने पद और पहुंच का दुरुपयोग करते हुए एलीज़े पैलेस से ऐतिहासिक और महंगे टेबलवेयर, प्लेटें, कप और सजावटी वस्तुएं चुराईं। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये (लगभग 40,000 यूरो) आंकी गई है। इन वस्तुओं में फ्रांस की प्रसिद्ध सेव्र फैक्ट्री के पोर्सलीन बर्तन, क्रिस्टल ग्लास और विशेष रूप से चिन्हित सरकारी उपयोग की वस्तुएं शामिल बताई जा रही हैं।
मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब राष्ट्रपति भवन के इन्वेंट्री रिकॉर्ड में गड़बड़ी सामने आई और कुछ दुर्लभ बर्तन ऑनलाइन री-सेल प्लेटफॉर्म पर बिक्री के लिए दिखे। सेव्र फैक्ट्री और संबंधित विशेषज्ञों ने इन वस्तुओं की पहचान राष्ट्रपति भवन की संपत्ति के रूप में की, जिसके बाद पेरिस पुलिस ने जांच तेज की। पूछताछ में सामने आया कि पूर्व बटलर ने अपने एक सहयोगी और एक प्राचीन वस्तु विक्रेता की मदद से इन बर्तनों को बेचने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और बड़ी संख्या में चोरी की गई वस्तुएं बरामद कर ली गई हैं। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, यह मामला केवल चोरी का नहीं बल्कि फ्रांस की राष्ट्रीय विरासत से जुड़ी संपत्ति के दुरुपयोग का भी है। दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को लंबी जेल और भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।
इस घटना ने फ्रांस में राष्ट्रपति भवन जैसी अत्यंत सुरक्षित मानी जाने वाली जगहों की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एलीज़े पैलेस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा और इन्वेंट्री प्रणाली की दोबारा समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


















