मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

झन्यार अग्निकांड में देव-संस्कृति और सामाजिक बंधनों की मिसाल—बाहू व लटीपरी गांवों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार
हिमाचल प्रदेश की देवभूमि सिर्फ प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी अद्भुत सामाजिक परंपराओं और परस्पर संबंधों के कारण भी विशेष पहचान रखती है। यहां इंसान हो या देवता, दोनों के रिश्ते इतने गहरे हैं कि आपदा की घड़ी में सभी बिना किसी भेदभाव के एकजुट होकर खड़े हो जाते हैं। हाल ही में झन्यार गांव में हुए विनाशकारी अग्निकांड ने भी इसी सामाजिक एकता और मानवीय संवेदनाओं की ताकत को फिर से उजागर किया है।

ग्राम पंचायत बाहू के बाहू गांव के देवता श्री बीमू नाग और झन्यार गांव के देवता श्री वीमू नाग के बीच प्राचीन परंपराओं से जुड़े परस्पर संबंध हैं। यही संबंध इस मुश्किल समय में इंसानी रूप से भी सामने आए। झन्यार अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के समर्थन में बाहू गांव के हरियाणों ने देव परंपरा का निर्वहन करते हुए झन्यार गांव के देवता श्री बीमू नाग जी (झन्यार) को, श्री बीमू नाग जी महाराज बाहू की ओर से ₹50,000 की राशि और एक सूट भेंट किया।

इसके साथ ही श्री महाकाल पझारी जी की ओर से भी ₹5,100 और एक सूट अर्पित किया गया। यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि देव परंपरा के प्रति सम्मान, मान्यता और भाईचारे का प्रतीक है।

मानवीय स्तर पर भी बाहू और लटीपरी गांवों ने अद्भुत सहयोग दिखाया। दोनों गांवों की ओर से प्रभावित परिवारों को ₹64,000 की नगद राशि प्रदान की गई, ताकि वे इस कठिन समय से बाहर आने के लिए तुरंत राहत प्राप्त कर सकें।

यह घटना फिर से साबित करती है कि हिमाचल की सामाजिक संरचना केवल रीति-रिवाजों पर नहीं, बल्कि गहरी भावनात्मक और सांस्कृतिक एकजुटता पर आधारित है। संकट आए तो देव भी साथ, और इंसान भी साथ—यही है हमारी देवभूमि हिमाचल की असली पहचान।

You cannot copy content of this page