फ्रंट पेज न्यूज़ राज शर्मा (आनी)
माता पछला मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, गूंज रहा भक्तिमय वातावरण
आनी खंड के प्रसिद्ध देहुरी स्थित माता पछला मंदिर में इन दिनों नौ दिवसीय देवी भागवत पुराण कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया है। आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज़ क्षेत्रों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।

कथा के सातवें दिन कथावाचक आचार्य शशांक कृष्ण कौशल ने देवी भागवत पुराण का विस्तार से वर्णन करते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने प्रवचनों में माता की महिमा का गुणगान करते हुए बताया कि सच्चे मन से की गई भक्ति से जीवन के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं और व्यक्ति को मानसिक शांति प्राप्त होती है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में धार्मिक आयोजनों का महत्व और भी बढ़ जाता है, क्योंकि यह समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

मंदिर परिसर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया जा रहा है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। स्थानीय लोगों द्वारा आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई जा रही है, जिससे कार्यक्रम और अधिक सफल बन रहा है। आयोजकों ने बताया कि कथा के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा हैं।, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।

















